
दो अलग अलग जगह बाढ़ के पानी में डूबने से दो बच्चों की मौत।
दरभंगा: कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के सुघराईन तथा कमतौल के अहिल्यास्थान में रविवार को पानी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गयी। पहली घटना सुघराईन में हुई। यहां सुबह में बाढ़ के पानी में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार उक्त गांव के जापान मुखिया के पुत्र कमलेश मुखिया (8) गांव के बगल में बाढ़ के पानी में अन्य बच्चों के साथ स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया। गहरे पानी में चले जाने से वह पानी में डूब गया जिससे उसकी मौत हो गई। कमलेश को डूबते देख उसके साथ नहा रहे बच्चों ने शोर मचाया। जब तक ग्रामीण बच्चे को निकालते तब तक वह दम तोड़ चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। बच्चे को मृत देख वहां कोहराम मच गया। मृतक की मां सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। ग्रामीण महिलाओं ने उन्हें ढाढस बंधाया। बच्चे की मौत से गांव में मातम का माहौल है। मृतक तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। इस बाबत तिलकेश्वर ओपी प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। इस वर्ष अब तक डूबने से कुशेश्वरस्थान प्रखंड में एक तथा पूर्वी प्रखंड में छह लोगों की जान जा चुकी है।
दूसरी ओर ऐतिहासिक अहिल्यास्थान परिसर अवस्थित अहिल्या कुंड में रविवार को डूबने से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गयी। मृतक की पहचान टारा निवासी सरोज महतो के पुत्र राजा कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दिन के 12 बजे के करीब बच्चा कुंड में स्नान करने के लिए गया था। शोर होने पर स्थानीय पुजारी कामेश्वर कुमार मिश्रा ने कुंड में बच्चे की तलाश करनी शुरू की। पानी अधिक होने के कारण काफी मशक्कत के बाद उन्होंने बालक को बाहर निकाला। जानकारी मिलते ही रोते-बिलखते परिजन व मां रिंकू देवी बालक को इलाज के लिए स्थानीय निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक दो भाइयों में सबसे बड़ा एवं छोटा दिव्यांग बताया गया है। परिजनों ने घटना की सूचना कमतौल थाना व अंचल प्रशासन को फोन पर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। घटना से गांव का माहौल गांव में गमगीन हो गया है।

