
हाथ में तलवार लेकर पेट्रोल चोरी करते हुए सीसीटीवी में दिखे चोर, वीडियो वायरल होने पर भी पुलिस बेखबर।
देखिए वीडियो भी 👆
दरभंगा: दरभंगा में लगता है इन दिनों शायद ही कोई ऐसा अपराध हो, जिसको अंजाम देने में अपराधियों को पुलिस का थोड़ा भी भय हो। हाल की घटनाओं में पुलिस के नाक के नीचे से घटना को अंजाम देने के वाबजूद पुलिस की नाकामी ने अपराधियों का हौसला बढ़ाया है। इतना कुछ होने के बाद भी आईजी स्तर के वरीय अधिकारियों के नजर में भी जिले की पुलिसिंग बेहतर हो तो फिर पुलिस को भला अपराध नियंत्रण केलिए माथापच्ची करने की क्या जरूरत पड़ी है!
इन्ही कारणों से दरभंगा में कोई वर्ग यदि आज भयमुक्त है, तो वह है अपराधी वर्ग। ऐसे ही भयमुक्त अपराधियों का एक कारनामा इन दिनों सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। हाथ मे तलवार लेकर गाड़ियों से पेट्रोल चोरी कर रहे चोरों का सीसीटीवी में कैद वीडियो इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है। यह वीडियो बिरौल थानाक्षेत्र अंतर्गत सुपौल बाजार स्थित आदर्श नगर का है। पेट्रोल चोरी के इस वायरल वीडियो में देर रात में चार – पांच की संख्या में चोर हाथ में तलवार एवं लाठी डंडे के साथ दिख रहे हैं। ये सभी सुपौल बाजार स्थित एक निजी स्कूल के पास आदर्श कालोनी में बाइक से पेट्रोल की चोरी कर रहे हैं।

वहीं लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में आतंक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर चीज की जानकारी पुलिस को है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है। यहां तक कि वायरल वीडियो में स्पष्ट दिख रहे चोरी की घटना पर भी पुलिस चादर तान कर सोयी है।

