
नाला और सड़क निर्माण के लिए आंदोलन का निर्णय।
दरभंगा: मिथिला स्टूडेंट यूनियन के नगर अध्यक्ष अर्जुन कुमार दास व सुमित कुमार के नेतृत्व में रविवार को लक्ष्मीसागर बैंकर्स कॉलोनी में बैठक की गयी। इसमें नाला और सड़क निर्माण के लिए आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। एमएसयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता अमन सक्सेना ने कहा कि उन लोगों के आंदोलन के फलस्वरूप बैंकर्स कॉलोनी में मुख्य सड़क का निर्माण करवा दिया गया, लेकिन सोनी जेनरल स्टोर्स से लेकर सुरेश झा इंजीनियर के घर तक नाले और सड़क का निर्माण अब तक नहीं किया गया है जिसके कारण रोज लोग दुर्घटना के शिकार होते रहते हैं। बच्चे, महिला, बुजुर्ग को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस सड़क पर सालोंभर पानी लगा रहता है।

स्थानीय लोग जिलाधिकारी से लेकर तमाम छोटे-बड़े प्रतिनिधि तक गुहार लगाकर थक चुके हैं। पिछले 15 सालों से सड़क और नाले का निर्माण नहीं हो सका है। थक-हार कर अब स्थानीय लोगो ने क्रांति और संघर्ष के रास्ते को अपनाने का निर्णय कर लिया है।

