Home Featured नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी के साथ देशव्यापी संवाद में दरभंगा के बच्चों ने भी लिया भाग।
Featured - मुख्य - August 16, 2022

नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी के साथ देशव्यापी संवाद में दरभंगा के बच्चों ने भी लिया भाग।

दरभंगा: नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी ने मंगलवार को चाइल्ड कंजर्वेशन फाउंडेशन के प्लेटफार्म पर देशभर के 150 से अधिक जिलों के बच्चों के साथ संवाद किया, उनके सवालों के जवाब दिए और भविष्य की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। आजादी के अमृत महोत्सव पर फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ० राघवेंद्र शर्मा ने की।

बच्चों के साथ बातचीत करते हुए श्री सत्यार्थी ने कहा कि आने वाला भारत अपने मूल्यों विचारों और महान संस्कृति के बल पर एक ऐसी दुनिया का निर्माण करने का काम करेगा जो उसकी लाखों साल पुरानी वसुधैव कुटुंबकम की धारणा को साकार रूप होगी।

 उन्होंने कहा कि एक दौर था जब भारत को सांप सपेरे और बीन बजाने वाले गरीबों का देश समझा जाता था। यहां से पढ़े लिखे लोग भी अपने भाग्य को चमकाने के लिए विदेशों में जाकर काम करना पसंद करते थे ।लेकिन अब एक नया भारत आकार ले रहा है। मैं दुनिया भर में अपने अनुभव से बता सकता हूँ कि आजकल मुझे हजारों भारतीय अपने वतन लौटते हुए नजर आते हैं, इन सबके मन में भारत और भारत माता के प्रति मैं एक विशिष्ट आकर्षण और समर्पण दोनों को देख पा रहा हूं।

आगे श्री सत्यार्थी ने कहा कि विदेशियों की नजर में जो उंगलियां कभी बीन पर चलती थी वे आज अपने हाथों से सॉफ्टवेयर औऱ उन्नत तकनीकों के निर्माण में दुनियां का नेतृत्व कर रहे है।उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति सबको साथ लेकर चलने की है इसलिए हमारे जीवन मूल्य सम्पूर्ण मानव जगत और प्रकृति के कल्याण की बात करते हैं।

Advertisement

श्री सत्यार्थी ने कहा कि स्वाधीनता का अमृत महोत्सव हमें इस बात के लिए प्रेरित करता है कि जिस भावना के साथ हमारे पूर्वजों ने राष्ट्र के लिए बलिदान किया था उसे अपने अंतर्मन में भी आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमें प्रेरणा देता है लेकिन यह देशभक्ति केवल नारों तक नही बल्कि अंतस में समाहित और लोकव्यवहार में प्रदर्शित भी होना चाहिए।

उन्होंने इस बात पर अफसोस जताया कि आज भी लाखों बच्चे शिक्षा और परवरिश के बुनियादी अधिकार से वंचित है। इसलिए संत ,समाज और सरकारों को मिलकर एक ऐसी दुनिया का निर्माण करना होगा, जहां हर जन्मना बालक को उसके उत्कर्ष के नैसर्गिक अवसर सुनिश्चित हो सकें।

श्री सत्यार्थी ने कहा कि भारत की एक अरब आबादी एक अरब समस्याओं के समाधान में सक्षम है।

संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ० राघवेंद्र शर्मा ने कहा कि अमृत महोत्सव का यह प्रसंग हमें अपने पूर्वजों और महान बलिदानियों के सपनों को साकार करने की प्रेरणा देता है। समुन्नत राष्ट्र के निर्माण में आज हर भारतीय की भूमिका की आवश्यकता है और बच्चे इस कड़ी में सबसे महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए फाउंडेशन के सचिव डॉ० कृपाशंकर चौबे ने अमृत महोत्सव एवं राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम की खासियत यह भी रही कि देश भर के 19 राज्यों के बच्चों ने अलग – अलग श्री सत्यार्थी से अपने मन के सवाल पूछे।

Advertisement

संवाद में अमेरिका, इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया ,जर्मनी,नेपाल के बाल अधिकार कार्यकर्ताओं ने भी ऑनलाइन भागीदारी की।

दरभंगा बाल कल्याण समिति अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार झा ने इस कार्यक्रम में बच्चों के ग्रुप के साथ भाग लिया , जिसमें आदया मनी ,नमन कश्यप, श्रीमन कश्यप, पीयुष, जीवन,केशव, अमृत,साकेत , आयुष,गौरव एवं अन्य बच्चों ने भाग लिया और बहुत सारा जवाब सवाल कर बहुत कुछ ज्ञान प्राप्त किया।

बच्चों ने कैलाश सत्यार्थी से दरभंगा आने का भी आग्रह किया, उस पर उन्होंने कहा आप पत्र भेजिए हम आपके यहां आएंगे।

Share