
एलएनएमयू में पीएचडी ऐडमिशन टेस्ट की परीक्षा अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में संभावित।
दरभंगा: एलएनएमयू में पीएचडी ऐडमिशन टेस्ट की परीक्षा अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में संभावित है। इस परीक्षा के आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग गंभीरता से तैयारी कर रही है। परीक्षा के आयोजित करने की योजना जुलाई माह में ही थी पर पोस्ट ग्रेजुएट रिसर्च काउंसिल की बैठक नहीं होने के कारण इस परीक्षा को आगे बढ़ा दिया गया है। वैसे परीक्षा के बाबत कोर कमेटी एवं एडवाइजरी कमेटी का गठन कर विश्वविद्यालय के सभी 23 विभागों से रिक्तियों की संख्या मांगी गई। जिसमें सभी विभागों ने रिक्तियों की संख्या परीक्षा विभाग को उपलब्ध कराया है। इधर, पोस्ट ग्रेजुएट रिसर्च काउंसिल की बैठक की तिथि भी अभी निर्धारित नहीं हो सकी है। संभावना है कि सितंबर के प्रथम सप्ताह में इसकी बैठक कर ली जाएगी। इस बैठक के बाद ही पीएचडी एडमिशन टेस्ट का आयोजन होगा। इससे पूर्व 2020 में पीएचडी एडमिशन टेस्ट का आयोजन हुआ था। इसी टेस्ट में क्वालीफाई किए गए अभ्यर्थियों के सिनॉप्सिस का स्वीकृति बैठक की द्वारा किया जाएगा। इस प्रक्रिया के पूरी होने के बाद पीएचडी एडमिशन टेस्ट का आयोजन किया जा सकेगा।

वहीं, 2021 में कोरोना वायरस के कारण यह परीक्षा नहीं ली जा सकी, 2021 वर्षीय पीएचडी ऐडमिशन टेस्ट का आयोजन 2022 में किया जाएगा। अभी पूर्व में शोध कार्य के लिए कोर्स वर्क पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा विभाग द्वारा प्रमाण पत्र जारी किया जा रहा है। पीएचडी ऐडमिशन टेस्ट में वैसे भी अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं, जो स्नातकोत्तर की अंतिम परीक्षा में शामिल हो चुके हैं पर उनका रिजल्ट अभी तक प्रकाशित नहीं हुआ है। वैसे अभ्यर्थी जो स्नातकोत्तर में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक से उत्तीर्ण है। वहीं, इस परीक्षा में शामिल होने की योग्यता रखते हैं। इस परीक्षा में क्वालीफाई करने के लिए आरक्षित वर्ग के छात्र को 50 प्रतिशत एवं सामान्य वर्ग के छात्र छात्राओं को 55 प्रतिशत प्राप्त करना अनिवार्य होगा। इस संबंध में पूछने पर परीक्षा नियंत्रक डॉ आनंद मोहन मिश्र ने बताया कि जब तक पोस्ट ग्रेजुएट रिसर्च काउंसिल की बैठक नहीं हो जाती है, तब तक पीएचडी ऐडमिशन टेस्ट की परीक्षा का आयोजन नहीं होगा।

