
दो दिनों में नही हटाये गए एपीएम थानाध्यक्ष तो होगा आंदोलन: पप्पू यादव।
दरभंगा: गुरुवार को लहेरियासराय स्थित धरनास्थल पर जनाधिकार पार्टी (लोकतांत्रिक) हायाघाट मुखिया संघ द्वारा संयुक्त से एक दिवसीय धरना कार्यक्रम का आयोजन किया है। धरना का आयोजन पूर्व मुखिया सह वर्त्तमान मुखिया पति सनाउल्लाह खां के घर मे एपीएम थाना की पुलिस द्वारा जबरन घुसकर किये गए तोड़फोड़ एवं बदसलूकी के विरोध में किया गया। सबने एक स्वर में थानाध्यक्ष पर कारवाई की मांग की।
धरना के दौरान जाप सुप्रीमो पप्पू यादव भी धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अपने संबोधन में एपीएम थानाध्यक्ष पर कई गम्भीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि एपीएम थानाध्यक्ष एवं कुछ एएसआई मिट्टी माफिया, जमीन माफिया एवं शराब माफियाओं से गठजोड़ कर थाना चला रहे हैं। यदि कोई जनप्रतिनिधि उनसे किसी माफिया की शिकायत करते हैं तो वह उस जनप्रतिनिधि के सम्मान के साथ खेलते हैं। साथ ही डराने धमकाने का कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि एकबार पुनः वे आईजी से मिलकर उनके संज्ञान में मामला देंगे। यदि दो दिनों के अंदर एपीएम थानाध्यक्ष को नही हटाया गया तो आगामी 22 अगस्त को दरभंगा के साथ साथ पटना में भी आंदोलन होगा।
धरना का आयोजन जाप जिलाध्यक्ष मुन्ना खान एवं हायाघाट मुखिया संघ के अध्यक्ष राजकुमार चौधरी के संयुक्त संयोजन में किया गया। इस दौरान सनाउल्लाह खां, जाप नेता राजेश कुमार यादव उर्फ चुनमुन यादव, नागेश्वर दास, फूलबाबू लालदेव, फेकन पासवान, पूनम झा, वीरेंद्र पासवान, चंद्रकांत सिंह, दीपक झा, कुणाल पांडेय, कासिफ इकबाल एवं मो0 इकबाल आदि सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।

