
बाल विवाह रोकथाम को लेकर कार्यशाला आयोजित।
दरभंगा: बिहार विवाह निबंधन नियमावली 2006 के क्रियान्वयन हेतु प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन शुक्रवार को सभागार भवन में किया गया। उद्घाटन प्रखंड प्रमुख सोनी देवी, उपप्रमुख धर्मशीला देवी, बीडीओ महताब अंसारी तथा सीओ गंगेश झा ने किया।
कार्यक्रम में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य आदि जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यशाला में सीडीपीओ राखी कुमारी, बीईओ रामेश्वर द्विवेदी, पंचायती राज अधिकारी जयप्रकाश मंडल, चिकित्सा प्रभारी डॉ निर्मल कुमार लाल की उपस्थिति में बाल विवाह पर कारगर तरीके से रोक लगाने के संबंध में विचार विमर्श किया गया।

कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किये और इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से आवश्यक पहल की जरूरत बताई। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामोदय वीथी के मनोहर कुमार झा ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक एवं सामूहिक अपराध है। जबतक योजनाबद्ध तरीके से उसका निबंधन अनिवार्य नहीं बनाया जाएगा तब तक बालविवाह पर रोक लगाने में सफलता हाथ नहीं आएगी। कईबार ऐसा देखा जाता है कि प्रशासनिक स्तर पर बाल विवाह रोकने के बावजूद दो चार दिन बाद लोग स्थान परिवर्तन करके बाल विवाह कर देते हैं और कानून तोड़ने वाले अपने को गौरवान्वित महशूस करते हैं, परन्तु उन मूर्खतापूर्ण कार्य करने वालों को ससमय अगाह करने की आवश्यकता है कि ऐसी झूठी शादी कभी भी टूट सकती है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों में सारजा पुर के मुखिया गुफरान अहमद, कोठिया के साबा प्रवीण,लदारी के पूर्व मुखिया दिनेश मिश्र,बनसारा मुखिया संजय कुमार, पिंडारूच के गोपाल कुमार झा,पैगम्बरपुर के नौसाबा प्रवीण आदि के अलावा चाइल्डलाइन के राहुल कुमार,एलएस कुमार,भावना देवी, संजु देवी आदि उपस्थित थी।

