
दो पक्षों के विवाद में जमकर रोड़ेबाजी, दो घायल।
दरभंगा: हायाघाट स्थानीय बाजार में मध्य विद्यालय बालक के पास शुक्रवार की सुबह भूमि विवाद में एक पक्ष ने मकान बना रहे दूसरे पक्ष पर जमकर रोड़ेबाजी की। रोड़ेबाजी में घायल हुए लोगों को बाद में लोहे के रॉड से भी पीटा गया। इसमें सन्नी कुमार गुप्ता, मन्नी कुमार गुप्ता एवं शिवम गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए।
इनके अलावा निर्माणाधीन मकान में कार्यरत मजदूरों की भी पिटाई की गयी जिसमें दो मजदूर घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल गुप्ता बंधुओं को पड़ोसी इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। वहां सन्नी एवं मन्नी का इलाज चल रहा है। घायलों के परिजन शम्भू गुप्ता का आरोप है कि मारपीट के दौरान वे पुलिस को फोन करते रहे, लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। इसका लाभ हमलावरों ने उठाया। जब वे प्राथमिकी दर्ज कराने थाना गए तो उन्हें भगा दिया गया। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने घटना की तो पुष्टि की है, पर आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्हें किसी पक्ष से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।

घटना के बारे में बताया जा रहा है कि शम्भू गुप्ता का पुश्तैनी मकान जर्जर हो गया था जिसे वो तुड़वाकर फिर से निर्माण करवा रहे थे। अब उनके पड़ोसी मनोज गुप्ता वैगेरह उसमें से चार धुर जमीन पर दावा करने लगे हैं। इस बात को लेकर शम्भू ने डीएम से शिकायत भी की थी। इसके बाद मामला तीन महीनों से थाना एवं अंचल में पड़ा है।

