
बिजली की आंख मिचौली से उपभोक्ता परेशान, विभाग ने आपूर्ति में हुई कमी को बताया कारण।
दरभंगा: दरभंगा शहर सहित पूरे जिले में बिजली की किल्लत शुरू हो चुकी है। एक तरफ जहां मानसून के रूठ जाने से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं, वहीं बिजली की आंख मिचौनी ने लोगो का जीना मुहाल कर दिया है। विभाग द्वारा इसका कारण आपूर्ति में कमी होना बताया जा रहा है।
इन दिनों ग्रामीण क्षेत्रों का हाल तो बदहाल है ही, शहरी क्षेत्र में भी पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति बदहाल है। दरभंगा शहरी क्षेत्र के कई इलाकों में बुधवार की रात से ही बिजली की आवाजाही लगी है। थोड़ी थोड़ी देर पर बिजली जाने से उपभोक्ता परेशान हैं।

इसके कारणों के संबंध में जानकारी देते हुए दरभंगा शहरी के विद्युत कार्यपालक अभियंता विकास कुमार ने बताया कि पिछले दो दिनों से पटना से कम आपूर्ति मिलने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पर रही है। गुरुवार को दो हजार मेगावाट बिजली कम मिली थी। वहीं शुक्रवार को एक हजार मेगावाट बिजली कम मिली है। इस कारण समस्या उतपन्न हो रही है।
हालांकि यह समस्या कबतक दूर होगी, इसका कोई स्पष्ट जवाब विभाग के पास नहीं था।

