
बच्चा चोर की अपवाह के कारण निर्दोष बन रहे है भीड़ का शिकार।
दरभंगा: इनदिनों जिले में बच्चा चोर की अफवाह जोरों पर है। कई व्हाट्सएप ग्रुप में पुराने मैसेज खूब वायरल हो रहे हैं। हालांकि इनकी सत्यता प्रमाणित किये बगैर लोग इसे फारवर्ड कर देते हैं। परंतु अब इसका दुष्परिणाम भी साममे आने लगा है। कई जगहों से भीड़ द्वारा निर्दोषों को शिकार बनाया जा चुका है।
ताजा मामला सिमरी थाना क्षेत्र का सामने आया है जहां बसतवाड़ा गांव में शनिवार को बच्चा चोर समझकर लोगों ने एक बुजुर्ग की जमकर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची सिमरी पुलिस ने उसकी जान बचाई। वह मानसिक रूप से दिव्यांग बताया जा रहा है। बुजुर्ग की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाने के सिमराहा निवासी महेश महतो के रूप में की गई है। बताया गया है कि बुजुर्ग कुछ दिनों से इधर-उधर घूमकर जीवन यापन कर रहा था।

ग्रामीणों ने बताया कि वह बसतवाड़ा गांव में इस घर से उस घर कुछ खाना मांगने के लिए घूम रहा था कि किसी ने बच्चा चोर होने की अफवाह उड़ा दी। सोशल मीडिया पर इन दिनों बच्चा चोरी के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं इसीलिए बच्चा चोर का नाम सुनते ही बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। इसी बीच लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। वह उपस्थित भीड़ से गुहार लगाता रहा कि मैं बच्चा चोर नहीं हूं, लेकिन किसी ने उसकी फरियाद नहीं सुनी। अगर पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

पूछने पर थानाध्यक्ष शमशाद अहमद खान ने कहा है कि वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।

