Home Featured सांसद की अध्यक्षता में दिशा की बैठक आयोजित।
Featured - मुख्य - May 15, 2023

सांसद की अध्यक्षता में दिशा की बैठक आयोजित।

दरभंगा: समाहरणालय स्थित सभागार में सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय व अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को हुई। बैठक में बताया गया कि मुजफ्फरपुर-दरभंगा (67 किमी) नए रेल लाईन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इस रेल लाईन के सर्वें का काम शुरू होने वाला है। इसके लिए 20 करोड़ रुपये का आवंटन प्राप्त हुआ है। साथ ही सकरी-हसनपुर रेल लाईन चालू करवाने का निर्देश वरीय अधिकारी को दिया गया।

Advertisement

बैठक में रेलवे के वरीय पदाधिकारियों ने बताया कि 10 आरओबी में से दोनार एवं मोहम्मदपुर का निर्माण करने के लिए बीआरडीसीएल को अधिकृत किया गया है। शेष आठ आरओबी का निर्माण बिहार राज्य पूल निर्माण निगम करेगा। इनमें से पांच के लिए निविदा प्रकाशित हो गई है। शेष तीन पर भी तेजी से कार्रवाई चल रही है। सांसद ने तत्काल बाइक एवं ई-रिक्शा के लिए लो कॉस्ट आरओबी लहेरियासराय चट्टी गुमटी एवं पंडासराय में बनवाने का निर्देश रेलवे के वरीय पदाधिकारी को दिया, ताकि गुमती पर वाहनों का दवाब कम हो सके। मधुबनी सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव ने गोपालपुर से आगे की गुमटी को अकार्यरत बताते हुए उसके स्थान पर गोपालपुर में उस गुमटी को शिफ्ट करने को कहा। जाले विधायक ने छोटे-छोटे रेलवे स्टेशन पर कम्प्यूटरीकृत आरक्षण काउंटर की मांग की। सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि सभी स्टेशनों पर शेड बनाया जाए, बैठने की व्यवस्था हो, अन्य जन सुविधा की व्यवस्था भी की जाए।

बैठक में बताया गया कि दरभंगा रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित करने के लिए चयन किया जा चुका है। साथ ही लहेरियासराय रेलवे स्टेशन को आदर्श रेलवे स्टेशन बनाने के लिए अमृत भारत योजना के तहत लिया गया है। डीएम राजीव रौशन ने कहा कि दरभंगा रेलवे स्टेशन के सामने हराही पोखर का सौंदर्यकरण नगर निगम से किया जाना है। रेलवे के अधिकारी नगर निगम से समन्वय स्थापित कर कार्य योजना बनाएंगे। पक्षी विहार को लेकर सकरी-हसनपुर रेल लाईन निर्माण कार्य बाधित रहने के संबंध में भी चर्चा की गई। बैठक में सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव, विधायक संजय सरावगी, जीवेश कुमार मिश्रा, प्रो. विनय कुमार चौधरी, मिश्रीलाल यादव, डॉ. मुरारी मोहन झा, जिप अध्यक्ष रेणु देवी, पूर्व विधायक अमरनाथ गामी, कन्हैया पासवान, नगर आयुक्त सह प्रभारी डीडीसी कुमार गौरव, अपर समाहर्ता राजेश झा राजा, वन प्रमंडल पदाधिकारी रुचि सिंह, उप निदेशक, जनसम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बालेश्वर प्रसाद, प्रभारी डीआरडीए निदेशक राहुल कुमार एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।

Share