Home Featured दरभंगा में 756 लीटर नेपाली शराब बरामद, दो बाइक जब्त, धंधेबाज फरार

दरभंगा में 756 लीटर नेपाली शराब बरामद, दो बाइक जब्त, धंधेबाज फरार

 

दरभंगा: जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्यनिषेध विभाग की टीम ने सोनकी थाना क्षेत्र के महुआ लोहा भट्ठा के पास छापेमारी कर 756 लीटर नेपाली देशी शराब बरामद की। इस दौरान मौके से दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही शराब कारोबार में संलिप्त दोनों आरोपित फरार हो गए।

जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर मद्यनिषेध पुलिस टीम ने महुआ लोहा भट्ठा के पास कार्रवाई की। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नेपाली देशी शराब बरामद हुई।

मौके से फरार आरोपितों की पहचान सदर थाना क्षेत्र के कांटी वार्ड संख्या-6 निवासी जीवछ चौपाल और सोनकी थाना क्षेत्र के महुआ वार्ड संख्या-1 निवासी विजय मंडल के रूप में की गई है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए मद्यनिषेध विभाग की टीम कार्रवाई में जुटी है।

सहायक आयुक्त मद्यनिषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी और निगरानी की जा रही है। शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मद्यनिषेध कानून के प्रभावी अनुपालन और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा। बरामद शराब के मामले में नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Share