Home Featured डीएम ने एलिवेटेड प्रोजेक्ट और आरओबी निर्माण कार्यों में तेजी लाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने का दिया निर्देश।
Featured - मुख्य - May 28, 2026

डीएम ने एलिवेटेड प्रोजेक्ट और आरओबी निर्माण कार्यों में तेजी लाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने का दिया निर्देश।

दरभंगार: दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने एलिवेटेड प्रोजेक्ट और रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के स्पष्ट निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कर्पूरी चौक से अल्लपट्टी तक प्रस्तावित एलाइनमेंट का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, यातायात व्यवस्था और यूटिलिटी शिफ्टिंग जैसे कि बिजली के खंभे, तार आदि हटाना के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

Advertisement

उन्होंने बीएसआरडीसीएल के अभियंताओं को निर्देश दिया कि प्रस्तावित एलाइनमेंट के दायरे में आने वाली सरकारी दुकानों और अन्य अतिक्रमणों की सूची जल्द उपलब्ध कराएं। इससे समयबद्ध तरीके से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि पाइलिंग कार्य शुरू करने से पहले विद्युत उपयोगिताओं को शिफ्ट किया जाए और उचित डायवर्जन मार्ग बनाए जाएं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि निर्माण कार्य के दौरान आम जनता को आवागमन में कोई असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

Advertisement

इसके बाद, जिलाधिकारी ने दोनार आरओबी (25 एसपीएल) स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कार्य एजेंसियों को निर्देश दिया कि सर्विस रोड को जल्द से जल्द मोटरेबल (वाहन चलाने योग्य) बनाया जाए। इससे एलसी 25 एसपीएल के बहेड़ा साइड की ओर दोतरफा यातायात संचालन शीघ्र शुरू हो सकेगा।

Advertisement

तत्पश्चात, जिलाधिकारी ने दिल्ली मोड़ आरओबी निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने एजेंसियों को निर्देश दिया कि दिल्ली मोड़ की तरफ से (सर्विस रोड) पुराने पुल के दोनों ओर निर्मित पुल के एप्रोच में पीक्यूसी (पेवमेंट क्वालिटी कंक्रीट) का कार्य 15 जून तक पूरा कर आवागमन शुरू कराया जाए। साथ ही, पुराने पुल को तोड़कर आगे का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने बेला मोड़ पर नाला निर्माण, पीक्यूसी और आरीवाल (रिटेनिंग वॉल) के कार्य को भी जल्द पूरा करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।

Advertisement

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों से आम जनता को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। धूल से बचाव के लिए सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए। साथ ही, पिलर के दोनों तरफ मोटरेबल रोड बनाना सुनिश्चित करने को कहा।

Advertisement

परियोजना अभियंता (पुल निर्माण) ने बताया कि रेलवे पोर्शन का निरूपण रेलवे द्वारा 26 मई को अनुमोदित कर दिया गया है और आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिलाधिकारी ने सभी कार्य एजेंसियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करते रहने को भी कहा।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार सहित संबंधित अभियंता और कार्य एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Share