
मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी, 1.50 करोड़ रुपये से अधिक की राजस्व क्षति का मामला दर्ज।
दरभंगा: बहेड़ी थाना क्षेत्र स्थित केदारनाथ कोल्ड स्टोरेज में बिजली मीटर से छेड़छाड़ कर विद्युत ऊर्जा की चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। गुप्त सूचना के आधार पर आठ अक्टूबर को की गई जांच के दौरान मीटर की सील से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी किए जाने का मामला पकड़ा गया। इस मामले में उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को 1 करोड़ 50 लाख 54 हजार 541 रुपये की राजस्व क्षति होने का उल्लेख किया गया है।
विद्युत विभाग की ओर से की गई इस कार्रवाई में पटना स्थित एसटीएफ मुख्यालय के विद्युत कार्यपालक अभियंता संजय कुमार सिंह, दरभंगा एसटीएफ के विद्युत कार्यपालक अभियंता प्रशांत कुमार पंडित, दरभंगा ग्रामीण के विद्युत कार्यपालक अभियंता केशव कुमार, पटना एसटीएफ मुख्यालय के कनीय विद्युत अभियंता सुदर्शन राज तथा बहेड़ी के कनीय विद्युत अभियंता मिट्ठू कुमार मौजूद थे।
मामले में बहेड़ी के सहायक विद्युत अभियंता राहुल रंजन ने बहेड़ी थाने में बिजली चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। जांच में उपभोक्ता प्रो. हरेंद्र कुमार ठाकुर के परिसर में मीटर की सील से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी किए जाने की बात सामने आई।
इस अवसर पर दरभंगा के विद्युत अधीक्षण अभियंता अजय कुमार ने उपभोक्ताओं से व्यावसायिक नैतिकता के सिद्धांतों का पालन करने और अल्पकालिक लाभ के लालच से बचने की अपील की। वहीं, सहायक विद्युत अभियंता राहुल रंजन ने आम लोगों से ईमानदारीपूर्वक जीवन जीने और ईमानदारी से कमाई करने का आग्रह किया।
उन्होंने आगामी त्योहारों को हर्षोल्लास के साथ मनाने तथा बिजली के प्रतिष्ठानों और विद्युत प्रवाहित संरचनाओं से उचित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही भरोसा दिलाया कि विद्युत विभाग आम जनता की सेवा के लिए सदैव तत्पर है।

