
रामबाग के रेस्टोरेंट में बनी थी 1.39 करोड़ की चांदी लूटने की साजिश, भाजपा नगर महामंत्री समेत पांच गिरफ्तार।
दरभंगा: सोभन-एकमी रोड पर सर्राफा कारोबारी से हुई करोड़ों की चांदी लूट की वारदात के पीछे की पूरी साजिश अब सामने आ गई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि लूट की पटकथा रामबाग स्थित कुशल रेस्टोरेंट में लिखी गई थी। कारोबारी के दरभंगा पहुंचने और उसके पास भारी मात्रा में चांदी होने की सूचना मिलने के बाद अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में भाजपा के नगर महामंत्री विशाल महासेठ उर्फ विक्की समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर 62 किलो 195 ग्राम चांदी के 56 बिस्कुट बरामद किए हैं। बरामद चांदी की कीमत 1 करोड़ 39 लाख 25 हजार 460 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही करीब 5 लाख 94 हजार रुपये नकद भी मिले हैं।
कारोबारी की रेकी से लेकर लूट की साजिश तक खुलासा
पुलिस के अनुसार, इस लूटकांड में विशाल महासेठ उर्फ विक्की की भूमिका अहम रही। आरोप है कि उसने पश्चिम बंगाल के सर्राफा कारोबारी के दरभंगा आने और उसके पास बड़ी मात्रा में चांदी होने की जानकारी अन्य आरोपितों तक पहुंचाई थी। इसके बाद रामबाग के कुशल रेस्टोरेंट में लूट की योजना तैयार की गई। योजना के तहत अपराधियों ने कारोबारी की गाड़ी को निशाना बनाया और वारदात को अंजाम दिया।
एम्स के पास कारोबारी की गाड़ी रोककर मारी थी गोली
घटना बीते 7 नवंबर की रात की है। सोभन-एकमी रोड पर एम्स के पास अपना गांव के निकट दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अपराधियों ने हथियार के बल पर पश्चिम बंगाल के सर्राफा कारोबारी की डस्टर गाड़ी को रोक लिया था। अपराधियों ने गाड़ी में रखी चांदी लूट ली। इस दौरान विरोध करने पर चालक कौशिक को गोली मार दी गई थी। वारदात के बाद अपराधी चांदी से भरा बैग और बोरा लेकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस के लिए चुनौती लूटी गई चांदी की बरामदगी और साजिश में शामिल लोगों की पहचान करना था। जांच के दौरान पुलिस ने वारदात की कड़ियां जोड़ते हुए साजिश रचने, लूट को अंजाम देने और लूटी गई चांदी को छिपाने से जुड़े तथ्यों का पता लगाया।
12 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी
इस मामले में पुलिस ने कुल 12 लोगों को नामजद किया है। इनमें छोटू यादव, चंदन राय, सुमन सौरभ उर्फ सुमन, सौरभ आनंद उर्फ सर्वे, राहुल, निक्की साह, रविन्द्र कुमार उर्फ पालो, विशाल महासेठ उर्फ विक्की, धीरज सोनी, संतोष कुमार साह, तेजस अभिषेक चंद्र और कौशिक शामिल हैं।
पुलिस के स्वलिखित बयान में छोटू यादव, संतोष कुमार साह और तेजस अभिषेक चंद्र की गिरफ्तारी का उल्लेख है। वहीं, इस मामले में कुल पांच आरोपितों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है। शेष आरोपितों की भूमिका और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है।
करोड़ों की इस लूट का खुलासा होने के बाद अब पुलिस की जांच का दायरा फरार आरोपितों तक पहुंच गया है। साथ ही यह भी सामने आया है कि वारदात अचानक नहीं हुई थी, बल्कि कारोबारी की गतिविधियों और उसके पास मौजूद चांदी की जानकारी जुटाकर पूरी योजना बनाई गई थी।

