
भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर दरभंगा में निकाला गया अर्थी जुलूस।
दरभंगा: भरत भूषण तिवारी की कथित पुलिस मुठभेड़ में मौत के विरोध में रविवार को भरत भूषण तिवारी न्याय मंच, दरभंगा के आह्वान पर शहर में जोरदार प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ कड़ा रोष प्रकट करते हुए प्रतीकात्मक अर्थी जुलूस निकालकर निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

प्रदर्शन की शुरुआत भोगेंद्र झा चौक से हुई, जहाँ से बड़ी संख्या में स्थानीय सामाजिक एवं छात्र नेताओं ने आक्रोश मार्च निकाला और मिर्जापुर चौक तक मार्च किया। मिर्जापुर चौक पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार की प्रतीकात्मक अर्थी का दाह संस्कार कर सरकार के विरुद्ध तीखे नारेबाजी की।

युवा छात्र नेता दीपक झा ने कहा कि भरत भूषण तिवारी की मौत सीधे तौर पर पुलिस कार्रवाई का परिणाम है और मामले की निष्पक्ष तथा पारदर्शी जांच होनी चाहिए। डॉ. शिशिर झा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार पर होगी। समाजसेवी प्रियंका झा ने कहा कि इस घटना ने समाज में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सिर्फ तभी आम जनता का कानून और न्याय व्यवस्था पर विश्वास बनेगा।

प्रदर्शन में रोशन कुमार झा, पप्पू चौधरी, गिरीश झा, विभूति झा, मुकेश सहनी, दीपू सूरी, दिनेश गंगानी, संबल झा, राघवेंद्र झा, कुणाल पांडेय, मनीष कुमार झा, गिरधर गोपाल, क्रांति सिंह, सुनील कुमार झा, श्यामसुंदर झा, राहुल कुमार झा, सुदर्शन झा, शिवा यादव, बादल रामनाथ पंजियार, अनिल झा, बिट्टू कुमार झा, आशीष कुमार मिश्रा, सिरधर ठाकुर, प्रवीण चौधरी सहित अनेक लोग मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान मोबाइल एवं बैनर लेकर लोग लगातार सरकार और पुलिस के विरुद्ध नारे लगाते रहे।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामले की जांच में पक्षपात बरता जा रहा है और पीड़ित परिपालन की अपेक्षित पारदर्शिता नहीं दिखाई जा रही। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई एवं स्वतंत्र जांच टीम बनाई जाए, ताकि घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।
न्याय मंच के नेताओं ने सरकार से 72 घंटों के भीतर निष्पक्ष जांच की घोषणा न होने पर तेज और व्यापक आंदोलन का ऐलान किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित नागरिकों से संयम बरतने की अपील की, पर सरकार के विरुद्ध अपना विरोध जारी रखने की बात दोहराई।

