
मिथिला के सपनों को आकाश से जोड़ने की ऐतिहासिक पहल, तारामंडल में बनेगा आधुनिक अंतरिक्ष गैलरी व नवाचार केंद्र।
अंतरिक्ष आयोग की सहमति पर सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने जताई खुशी
दरभंगा: मिथिला की धरती से अंतरिक्ष विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में एक नई शुरुआत होने जा रही है। दरभंगा तारामंडल में आधुनिक अंतरिक्ष गैलरी एवं अंतरिक्ष विज्ञान नवाचार केंद्र की स्थापना के प्रस्ताव को भारतीय अंतरिक्ष आयोग की ओर से सहमति प्रदान की गई है। इसके साथ ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में आगे की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपालजी ठाकुर ने भारतीय अंतरिक्ष आयोग के चेयरमैन डॉ. वी. नारायण के पत्र के आधार पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दरभंगा तारामंडल में अंतरिक्ष गैलरी और नवाचार केंद्र की स्थापना के लिए उन्होंने पूर्व में भी पहल की थी तथा 27 जुलाई को पत्र के माध्यम से आयोग का ध्यान इस प्रस्ताव की ओर आकृष्ट कराया था। अब आयोग की सकारात्मक सहमति के बाद इस दिशा में आगे की कार्रवाई शुरू हो गई है।

डॉ. ठाकुर ने कहा कि दरभंगा में अंतरिक्ष गैलरी और नवाचार केंद्र की स्थापना केवल एक भवन या प्रदर्शनी केंद्र बनाने की योजना नहीं है, बल्कि मिथिला के युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान, आधुनिक तकनीक, नवाचार और अनुसंधान से जोड़ने की दूरगामी पहल है। इससे विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान को करीब से समझने और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के नए अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि इस पहल से मिथिला क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में अपनी क्षमता विकसित करने के लिए बेहतर मंच मिलेगा। दरभंगा तारामंडल को आधुनिक स्पेस साइंस एंड इनोवेशन सेंटर के रूप में विकसित करने की दिशा में इसरो के साथ तकनीकी समन्वय, स्थल निरीक्षण और विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का अगला चरण आगे बढ़ाया जाएगा।

सांसद ने बताया कि परियोजना के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की पहल शुरू हो चुकी है। आगे के तकनीकी समन्वय के लिए इसरो मुख्यालय के डायरेक्टर श्री जी. हरिकृष्णन को संपर्क अधिकारी नामित किया गया है।
डॉ. ठाकुर ने इस पहल को मिथिला के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे दरभंगा को विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान मिल सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार विकसित भारत की वैज्ञानिक शक्ति को देश के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और मिथिला के प्रतिभाशाली बच्चों के सपनों को नई ऊंचाई देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दरभंगा तारामंडल केवल खगोलीय गतिविधियों के अध्ययन का केंद्र नहीं, बल्कि अंतरिक्ष विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान के प्रति नई पीढ़ी को प्रेरित करने वाला महत्वपूर्ण संस्थान बन सकता है।


