
डरहार में रहस्यमयी घटनाओं का सिलसिला जारी, धमकी भरे पत्र के पांच दिन बाद महिला पर दिनदहाड़े हमला।
दरभंगा: जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र का डरहार गांव एक बार फिर रहस्यमयी घटनाओं को लेकर चर्चा में है। करीब एक महीने से लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच कुछ दिनों की खामोशी के बाद सोमवार को दिनदहाड़े हुई एक और घटना ने ग्रामीणों को सकते में डाल दिया। खास बात यह है कि इस बार भी उसी परिवार की महिला करिश्मा कुमारी को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है, जिनके साथ करीब एक माह पूर्व मारपीट कर चोटी काटे जाने और लूट की घटना का मामला सामने आया था।

जानकारी के अनुसार, करीब एक माह पूर्व डरहार गांव में करिश्मा कुमारी के साथ मारपीट कर उनकी चोटी काट दिए जाने और लूट की घटना सामने आई थी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया था। इसके करीब एक सप्ताह बाद इसी तरह की एक और रहस्यमयी घटना सामने आने से ग्रामीणों में सनसनी फैल गई थी।
लगातार हो रही घटनाओं के बीच पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने रात के अंधेरे में एक कथित चोर को कैंची के साथ पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। घटनाओं से भयभीत ग्रामीणों ने रतजगा कर गांव में पहरेदारी भी शुरू कर दी थी। कुछ दिनों तक मामला शांत रहने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली थी।

लेकिन सोमवार को दिनदहाड़े हुई घटना ने एक बार फिर डरहार गांव की रहस्यमयी घटनाओं को चर्चा में ला दिया। बताया जा रहा है कि करिश्मा कुमारी सोमवार को अपने घर की छत पर पूजा कर रही थीं। इसी दौरान उनके साथ मारपीट की गई और धारदार हथियार से उनके हाथ पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में भर्ती कराया।
परिजनों के अनुसार, इस घटना से करीब पांच दिन पहले करिश्मा कुमारी को एक धमकी भरा पत्र भी मिला था। पत्र में परिवार को धमकी दिए जाने की बात कही जा रही है। धमकी भरा पत्र मिलने के महज पांच दिन बाद महिला पर दिनदहाड़े हमला होने से मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
परिजनों का आरोप है कि पहले धमकी भरा पत्र भेजकर परिवार को डराया गया और अब उसी के बाद करिश्मा कुमारी पर हमला किया गया है। हालांकि, धमकी भरे पत्र और सोमवार को हुए हमले के बीच सीधा संबंध है या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के सामने अब पहले की रहस्यमयी घटनाओं के साथ सोमवार को हुए हमले और धमकी भरे पत्र की कड़ियों को जोड़ने की चुनौती है।

ग्रामीणों के बीच भी यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर डरहार गांव में लगातार हो रही इन घटनाओं के पीछे क्या रहस्य है और बार-बार एक ही परिवार को निशाना बनाने वाला कौन है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठने की उम्मीद है।

