Home Featured दरभंगा में शुरू हुई अभया ब्रिगेड, महिला पुलिसकर्मी करेंगी शहर में विशेष पेट्रोलिंग।

दरभंगा में शुरू हुई अभया ब्रिगेड, महिला पुलिसकर्मी करेंगी शहर में विशेष पेट्रोलिंग।

स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में रहेगी विशेष निगरानी

दरभंगा: रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को दरभंगा पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष पहल की। एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने लहेरियासराय स्थित पुलिस केंद्र से पुलिस दीदी पेट्रोलिंग (अभया ब्रिगेड) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

एसएसपी ने बताया कि अभया ब्रिगेड के लिए दरभंगा पुलिस को 25 स्कूटी और 20 बाइक उपलब्ध कराई गई हैं। इन वाहनों के माध्यम से महिला पुलिसकर्मी शहर के अलग-अलग इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग करेंगी।

Advertisement

अभया ब्रिगेड की विशेष निगरानी स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, बाजार, मंदिर, मॉल, पार्क और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर रहेगी। खासकर स्कूल-कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के खुलने तथा छुट्टी के समय टीम की पेट्रोलिंग पर विशेष जोर दिया जाएगा।

एसएसपी ने कहा कि अभया ब्रिगेड केवल गश्ती तक सीमित नहीं रहेगी। महिला पुलिसकर्मी छात्राओं और महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझेंगी और जरूरत के अनुसार उसका समाधान कराने में मदद करेंगी।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक स्कूटी पर दो महिला कांस्टेबल की तैनाती की व्यवस्था की गई है। टीम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल सहायता प्रदान करना भी है।

Advertisement

एसएसपी ने अभया ब्रिगेड में शामिल पुलिसकर्मियों को आम लोगों के साथ बेहतर संबंध स्थापित कर संवेदनशीलता के साथ काम करने का निर्देश दिया। पुलिस की इस पहल से शहर में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत होने की उम्मीद है।

Share