Home Featured एलिवेटेड रोड निर्माण के दौरान हादसा टला, बाइक सवार बाल-बाल बचा, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल!
Featured - मुख्य - 3 days ago

एलिवेटेड रोड निर्माण के दौरान हादसा टला, बाइक सवार बाल-बाल बचा, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल!

दरभंगा: शहर के वीआईपी रोड में निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड के कार्य के दौरान सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कर्पूरी चौक और बेंता चौक के बीच शफी मुस्लिम हाई स्कूल के पास क्रेन से निर्माण कार्य के दौरान भारी लोहे का सामान अचानक सड़क किनारे लगी बैरिकेडिंग पर गिर गया। सामान गिरने से बैरिकेडिंग सड़क की ओर पलट गई और इसकी चपेट में वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार आ गया।

Advertisement

बताया जाता है कि बैरिकेडिंग गिरते ही बाइक सवार ने ऐन वक्त पर बाइक से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। हालांकि, घटना में उसकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से स्थिति को संभाला गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

स्थानीय युवक प्रणव पाराशर* ने निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रशासन और निर्माण एजेंसी से सुरक्षा इंतजामों को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है।

घटना के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। व्यस्त वीआईपी रोड पर भारी मशीनों से निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त बैरिकेडिंग, सुरक्षित डायवर्जन और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है।

लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य जरूरी है, लेकिन व्यस्त सड़क पर काम के दौरान राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। सोमवार की घटना में गनीमत रही कि बाइक सवार की जान बच गई। लोगों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Share