Home Featured मुखिया पति पर जानलेवा हमला, लूटपाट का आरोप।

मुखिया पति पर जानलेवा हमला, लूटपाट का आरोप।

दरभंगा: जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र की ओझौल पंचायत में मुखिया के पति पर बदमाशों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पंचायत की मुखिया निक्की कुमारी ने बहादुरपुर थाने में आवेदन देकर कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

Advertisement

मुखिया निक्की कुमारी के अनुसार, 30 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे उनके पति सूरज कुमार एक सार्वजनिक कार्यक्रम से लौटकर घर पहुंचे थे। आरोप है कि पहले से घात लगाए कुछ बदमाश घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे और उनके हाथ में हथियार थे। शिकायत में अजय सिंह, विशाल कुमार सिंह, कुणाल कुमार सिंह समेत 5-6 अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है।

Advertisement

आवेदन में कहा गया है कि आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर हमला कर दिया। अजय सिंह ने कथित तौर पर सूरज कुमार के सिर पर धारदार हथियार से वार किया, जबकि अन्य लोगों ने लोहे की रॉड से पिटाई की। हमले में सूरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके गले से सोने की चेन तथा जेब से 5000 रुपये नकद छीन लिए गए।

Advertisement

निक्की कुमारी के अनुसार, जब वह अपने पति को बचाने बाहर आईं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि एक हमलावर ने पिस्तौल से उनके सिर पर वार किया और उनकी चेन भी छीन ली। बदमाशों ने परिवार को जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share