
एनडीए की उपलब्धियां और नीतीश के विकास कार्य हमारी ताकत : संजय झा।
दरभंगा: जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि एनडीए सरकार की उपलब्धियां और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्य पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन और चुनावी रणनीति को मजबूत करने का आह्वान किया।
वे रविवार को शहर के दिल्ली मोड़ स्थित एक होटल में जदयू की ओर से आयोजित ‘कार्यकर्ता व शिक्षक संवाद’ कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष सह विधायक राजेश कुमार उर्फ ईश्वर मंडल ने की।
बैठक में आगामी बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर एनडीए समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. घनश्याम राय और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सर्वेश कुमार की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय करने पर जोर दिया गया।
मिथिला के विकास को नई गति मिलने का दावा
जदयू जिलाध्यक्ष सह विधायक ईश्वर मंडल ने संजय कुमार झा को परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति संबंधी संसदीय स्थायी समिति का पुन: अध्यक्ष बनाए जाने पर दरभंगा की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से बधाई दी। उन्होंने कहा कि संजय झा के नेतृत्व और मार्गदर्शन में मिथिला के विकास को गति मिली है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधान परिषद चुनाव में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में सक्रियता से काम करने की अपील की।
एकजुट होकर चुनाव में जुटने की अपील
मंत्री मदन सहनी, विधान पार्षद डॉ. भारती मेहता और बेनीपुर विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने भी कार्यकर्ताओं से एनडीए समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में एकजुट होकर चुनावी अभियान में जुटने की अपील की।
कार्यक्रम में विधायक सुधांशु शेखर, विधायक सतीश साह समेत जदयू के कई पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, शिक्षक प्रतिनिधि, मतदाता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

