Home Featured पड़री गांव में हुए हत्या के बाद पुलिस महकमे में कार्रवाई, बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि और दारोगा पंकज कुमार निलंबित।

पड़री गांव में हुए हत्या के बाद पुलिस महकमे में कार्रवाई, बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि और दारोगा पंकज कुमार निलंबित।

दरभंगा : जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव में युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस महकमे पर बड़ी कार्रवाई हुई है। दरभंगा पुलिस ने कर्तव्य में लापरवाही और समय रहते शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने के आरोप में बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि और पुलिस अवर निरीक्षक पंकज कुमार को निलंबित कर दिया है। दोनों का मुख्यालय पुलिस केंद्र, दरभंगा निर्धारित किया गया है।

दरअसल, पड़री गांव निवासी काशीकांत ठाकुर (पिता रामलखन ठाकुर) ने 14 जुलाई 2026 को बिरौल थाने में एक आवेदन दिया था। आवेदन में आपसी विवाद और जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाते हुए विधि-सम्मत कार्रवाई की मांग की गई थी। हालांकि, इस आवेदन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।

इसी बीच 8 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे पड़री गांव में काशीकांत ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद बिरौल थाना में कांड संख्या 792/26, दिनांक 9 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतक द्वारा चार महीने पूर्व दिए गए आवेदन के संबंध में बिरौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी से जांच कराई गई। जांच में यह बात सामने आई कि तत्कालीन थानाध्यक्ष चंद्रमणि और पुलिस अवर निरीक्षक पंकज कुमार ने आवेदन पर नियमानुसार अपेक्षित कार्रवाई नहीं की थी। जांच प्रतिवेदन में दोनों के स्तर से कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही एवं शिथिलता बरते जाने की बात कही गई।

इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की अनुशंसा पर दोनों पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए पुलिस उप-महानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र, दरभंगा को प्रतिवेदन भेजा गया।

पुलिस उप-महानिरीक्षक के आदेश पर 10 नवंबर 2026 से थानाध्यक्ष चंद्रमणि एवं पुलिस अवर निरीक्षक पंकज कुमार को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय पुलिस केंद्र, दरभंगा निर्धारित किया गया है।

दरभंगा पुलिस की ओर से 11 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई है।

चार महीने पहले मिली शिकायत पर कार्रवाई होती तो शायद काशीकांत की हत्या टल सकती थी। अब इस मामले में पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई ने पुलिस की कार्यशैली और समय रहते शिकायतों पर कार्रवाई की अहमियत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share