Home Featured दुर्गा पूजा पर प्रशासन अलर्ट, 426 जगहों पर सुरक्षा की कमान संभालेंगे मजिस्ट्रेट-पुलिस।

दुर्गा पूजा पर प्रशासन अलर्ट, 426 जगहों पर सुरक्षा की कमान संभालेंगे मजिस्ट्रेट-पुलिस।

दरभंगा: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने संयुक्तादेश जारी कर जिले के 426 स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है। इनमें जिले के सभी संवेदनशील स्थल भी शामिल हैं। प्रशासन ने जिलेवासियों से दुर्गा पूजा का त्योहार शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है।

आपका सहयोग हमारी ताकत

संयुक्तादेश के अनुसार, दुर्गा पूजा का त्योहार 20 अक्टूबर 2026 तक मनाया जाएगा। इस वर्ष 17 अक्टूबर को महासप्तमी, 18 अक्टूबर को महाअष्टमी, 19 अक्टूबर को महानवमी और 20 अक्टूबर को विजयादशमी है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।

अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर

प्रशासन ने उग्रवादी, उपद्रवी और असामाजिक तत्वों के साथ-साथ सांप्रदायिक अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया है। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित तत्वों के विरुद्ध तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

जुलूस और झांकियों में आपत्तिजनक दृश्यों पर रोक

धार्मिक जुलूसों और पूजा पंडालों के लिए जारी किए जाने वाले लाइसेंस में यह शर्त अनिवार्य की गई है कि जुलूस में ऐसी कोई झांकी, दृश्य या व्यंग्यचित्र प्रदर्शित नहीं किया जाएगा, जिससे किसी धर्म, जाति, वर्ग या समुदाय की भावनाएं आहत हों अथवा आपसी वैमनस्य बढ़ने की आशंका हो। निर्देशों का उल्लंघन करने पर लाइसेंसधारी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पूजा स्थलों का चुनाव प्रचार में इस्तेमाल नहीं

संयुक्तादेश में पूजा आयोजकों को निर्देश दिया गया है कि धार्मिक अनुष्ठानों, पूजा स्थलों और पंडालों का उपयोग चुनाव प्रचार के लिए नहीं किया जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक संस्थान (दुरुपयोग पर रोक) अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत ऐसा करना दंडनीय है। इसके लिए पांच वर्ष तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है।

शहर में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश

दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए दरभंगा शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और विधि-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखना है।

Share