
विधान परिषद मतगणना को लेकर प्रशासन अलर्ट, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों को दिए निर्देश।
दरभंगा: बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से लहेरियासराय स्थित खेल भवन-सह-व्यायामशाला में मतगणना होगी। इसके सफल संचालन को लेकर सोमवार को प्रेक्षागृह, दरभंगा में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जलरड्डी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित ब्रीफिंग में मतगणना के सुचारू संचालन, विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने कर्तव्य स्थल पर पहुंचने तथा पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
मतगणना परिसर में मोबाइल फोन ले जाना प्रतिबंधित
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतगणना परिसर की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया की गोपनीयता बनाए रखने के लिए निर्धारित प्रतिबंधों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। मतगणना परिसर में मोबाइल फोन, नशीले पदार्थ अथवा अन्य प्रतिबंधित एवं आपत्तिजनक सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। विशेष रूप से मतगणना हॉल के अंदर मोबाइल फोन ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रवेश द्वारों पर तैनात दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी सघन जांच सुनिश्चित करेंगे, ताकि किसी भी प्रतिबंधित वस्तु के साथ कोई व्यक्ति परिसर में प्रवेश नहीं कर सके।
मतगणना केंद्र की ओर जाने वाले मार्गों पर रहेगा नियंत्रण
मतगणना के दौरान विधि-व्यवस्था एवं यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए केंद्र की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों के परिचालन को नियंत्रित किया जाएगा। इसके लिए प्रेक्षागृह के पास, लहेरियासराय स्टेशन मोड़ तथा समाहरणालय मार्ग पर चिल्ड्रेन पार्क के समीप बैरियर लगाए गए हैं। इन बैरियरों के आगे मतगणना केंद्र की ओर अभ्यर्थियों, मतगणना अभिकर्ताओं, मतगणना कर्मियों एवं जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारियों के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
जिलाधिकारी ने मतगणना केंद्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मतगणना कार्य को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में अपनी भूमिका निभाएं।
यातायात प्रबंधन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जलरड्डी ने पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को मतगणना के मद्देनजर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की आवश्यक ब्रीफिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात प्रबंधन में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। सभी पुलिस पदाधिकारी एवं जवान समय से अपने निर्धारित स्थलों पर पहुंचकर वाहनों के परिचालन को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा सुरक्षा प्रबंधों को प्रभावी ढंग से लागू करने का कार्य करेंगे।
ब्रीफिंग कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

