Home Featured शराब-पार्टी में हवाई फायरिंग; चार गिरफ्तार, थार वाहन और खोखे बरामद।

शराब-पार्टी में हवाई फायरिंग; चार गिरफ्तार, थार वाहन और खोखे बरामद।

दरभंगा: दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के नौडेगा नासी बांध पर शराब पार्टी के दौरान हवाई फायरिंग करने और संभावित आपराधिक साजिश में शामिल चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना से जुड़े एक थार वाहन, चार फायर किए गए खोखे, कई खाली शराब की बोतलें व मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

Advertisement

पुलिस ने कहा कि मामला 14 जुलाई 2026 की शाम लगभग 7 बजे सामने आया जब बहेड़ी थानाध्यक्ष को ग्राम नौडेगा के चौकीदार से सूचना मिली कि नौडेगा से सलहा जाने वाली कच्ची नासी बांध पर 7-8 युवक शराब पी रहे हैं और फायरिंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और उनके निर्देश पर टीम बनाकर बताए स्थान पर छापेमारी की।

Advertisement

पुलिस के पहुंचने पर कुछ युवक भाग निकले जबकि चार लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में दरभंगा जिले के बहेरी थाना क्षेत्र के सलहा निवासी रामदेव यादव के पुत्र अरविंद कुमार, समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के एरौत मुशहरी निवासी अशोक कुमार यादव, समस्तीपुर के वारिसनगर थाना क्षेत्र के भांदोघाट निवासी जगदीश राय के पुत्र प्रिंस कुमार तथा भांदोघाट निवासी मनोज चौधरी के पुत्र दिलखुश कुमार चौधरी शामिल हैं।

Advertisement

बेनीपुर एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में अरविंद कुमार ने स्वीकार किया है कि सभी आरोपी थार वाहन से नासी बांध पहुंचे थे और वहां शराब पीने के दौरान हवाई फायरिंग की। आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, जहां से फायरिंग और शराब पार्टी से जुड़े कई अहम सबूत बरामद हुए।

Advertisement

एसडीपीओ ने कहा कि प्राथमिक जांच में फायर किए जाने की पुष्टि हो गई है और सूचना के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि युवक किसी बड़े संगठित अपराध की योजना बना रहे थे। बरामद साक्ष्यों और आरोपियों के बयान के आधार पर मामले की आगे की जांच व संबंधित धाराओं के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share