Home Featured नल-जल से खेत पटाने का आरोप, 20 दिन बाद भी नहीं हुई कार्रवाई।
Featured - मुख्य - 3 weeks ago

नल-जल से खेत पटाने का आरोप, 20 दिन बाद भी नहीं हुई कार्रवाई।

दरभंगा: बहेरी प्रखंड के हवीडीह उत्तरी पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-05, ग्राम कमलपुर (कटवासा) में नल-जल योजना की व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर शिकायत की है। ग्रामीणों का आरोप है कि नल-जल योजना के तहत लोगों के घरों तक पहुंचने वाले पानी का उपयोग खेत पटाने के लिए किया जा रहा है। इसके कारण आम लोगों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Advertisement

ग्रामीणों के अनुसार, नल के पास पानी लेने जाने पर संबंधित व्यक्ति द्वारा आम लोगों के साथ गाली-गलौज और झगड़ा करने की शिकायत भी सामने आई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्हें नल-जल योजना का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।

इस संबंध में ग्रामीणों ने 3 अगस्त 2026 को बहेड़ी के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) को लिखित आवेदन देकर मामले की जांच और नल-जल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना है कि आवेदन दिए करीब 20 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई या सुनवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने बताया कि समस्या की जानकारी वार्ड सदस्य और मुखिया को भी दी गई, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने दरभंगा जिलाधिकारी और बहेड़ी बीडीओ से मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने तथा गांव में नल-जल की नियमित एवं सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की नल-जल योजना का उद्देश्य लोगों को घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। ऐसे में यदि योजना के पानी का उपयोग निजी कार्य या खेत पटाने में किया जा रहा है, तो इसकी जांच कर उचित कार्रवाई आवश्यक है।

Share