Home Featured घर में घुसकर महिला से छेड़खानी, दुष्कर्म के प्रयास का आरोप

घर में घुसकर महिला से छेड़खानी, दुष्कर्म के प्रयास का आरोप

दरभंगा: नदी थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर 32 वर्षीय महिला के साथ छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता ने महिला थाना में लिखित आवेदन देकर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

Advertisement

महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि वह अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान नदी थाना क्षेत्र के रहने वाले राम सिंह राय, रौशन राय, अंगद राय और मंजय राय कथित रूप से उसके घर में घुस आए। आरोप है कि घर में प्रवेश करने के बाद चारों ने महिला के साथ छेड़खानी की और दुष्कर्म का प्रयास किया।

महिला के विरोध करने और शोर मचाकर मदद के लिए आवाज लगाने पर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे। ग्रामीणों को आते देख चारों आरोपित मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला ने परिजनों और स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी।

इसके बाद पीड़िता महिला थाना पहुंची और पुलिस को लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन के आधार पर चारों नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

महिला थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष अर्चना कुमारी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पीड़िता का न्यायालय में फर्द बयान कराया जाएगा। न्यायालय के आदेश के बाद उसकी मेडिकल जांच कराई जाएगी।

पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। न्यायालय में दर्ज पीड़िता के बयान और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share