Home Featured अमन, मोहब्बत और भाईचारे के संदेश के साथ निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी।
Featured - मुख्य - 4 days ago

अमन, मोहब्बत और भाईचारे के संदेश के साथ निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी।

दरभंगा: ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मौके पर बुधवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। अशोक पेपर मिल, पतोड़, हायाघाट, सिंहवाड़ा समेत कई इलाकों में निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पैगंबर हजरत मोहम्मद के बताए अमन, मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

Advertisement

दरभंगा शहर में भी जुलूस निकाला गया, जो विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए किला घाट पहुंचा। जुलूस को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। एसडीपीओ स्तर के अधिकारियों के अलावा एसआई, एएसआई और पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। प्रशासन की ओर से जुलूस के मार्गों पर लगातार निगरानी रखी गई। अधिकारियों के अनुसार जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ता रहा।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी पर्व को लेकर लोगों में उत्साह देखा गया। अशोक पेपर मिल, पतोड़ और हायाघाट थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जुलूस निकाला गया। चंदनपट्टी पंचायत, सिधौली पंचायत और घोषरामा पंचायत के अनार कोठी समेत कई स्थानों से जुलूस निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचा।

आपका सहयोग हमारी ताकत

जुलूस में शामिल लोगों ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद की शिक्षाएं इंसानियत, प्रेम, शांति और आपसी भाईचारे का संदेश देती हैं। जुलूस के माध्यम से समाज में आपसी एकता, सद्भाव और शांति बनाए रखने का संदेश दिया गया।

ग्रामीणों की ओर से जुलूस में शामिल लोगों के लिए जगह-जगह शरबत और पानी की व्यवस्था की गई थी। पर्व को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल रहा। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से लगातार निगरानी की जाती रही।

Share