Home Featured 24 घंटे से बिजली गुल, आक्रोशित लोगों ने नाका-6 मुख्य सड़क किया जाम।
Featured - मुख्य - 5 hours ago

24 घंटे से बिजली गुल, आक्रोशित लोगों ने नाका-6 मुख्य सड़क किया जाम।

दरभंगा: शहर के यूसुफगंज, रहमगंज, करमगंज सहित आसपास के मोहल्लों में करीब 24 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से गुरुवार को लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। भीषण गर्मी और बिजली संकट से परेशान स्थानीय लोगों ने नाका नंबर-6 स्थित मुख्य सड़क को बांस-बल्लियों समेत अन्य सामान लगाकर जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम होने से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

Advertisement

स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण घरों में पंखे और कूलर बंद हैं। उमस भरी गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक परेशान हैं। बिजली के अभाव में पानी की मोटर नहीं चल पाने से कई घरों में पेयजल संकट भी उत्पन्न हो गया है। लोगों ने बताया कि पानी की कमी के कारण खाना बनाने, पीने और रोजमर्रा के जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं।

Advertisement

रात में भी बिजली नहीं रहने से उमस और गर्मी के कारण लोगों को सोने में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना विभाग को बार-बार दी गई, लेकिन समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया। इसके बाद मजबूर होकर लोगों को सड़क पर उतरकर जाम करना पड़ा।

Advertisement

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों से बातचीत की। पुलिस ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और आवागमन सामान्य हुआ।

आपका सहयोग हमारी ताकत

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई और समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा सड़क जाम कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं संवाददाता के समक्ष रखते हुए बिजली विभाग से अविलंब आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

Share