
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित।
दरभंगा: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) की ओर से शनिवार को एडीआर भवन में जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डीएलएसए अध्यक्ष के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ताओं, पारा विधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) और न्यायालय कर्मियों को तंबाकू तथा धूम्रपान से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य खतरों की जानकारी दी गई।

वक्ताओं ने बताया कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों सहित कई जानलेवा रोगों का प्रमुख कारण है।
वक्ताओं ने कहा कि तंबाकू किसी भी रूप में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इसका सेवन न केवल व्यक्ति बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है।

उन्होंने उपस्थित लोगों से तंबाकू उत्पादों से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों को तंबाकू का सेवन नहीं करने, कार्यालय परिसर को स्वच्छ एवं नशामुक्त बनाए रखने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।

प्रतिभागियों ने तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में चीफ लीगल एड डिफेंस सिस्टम प्रकाश स्वरूप सिन्हा, डेप्युटी चीफ वीरेंद्र कुमार झा, पैनल अधिवक्ता रेखा कुमारी सहित न्यायालय कर्मी एवं पारा विधिक स्वयंसेवक आदि उपस्थित रहे

