Home Featured 11 सितंबर से बैंक कर्मियों का आंदोलन, अनिश्चितकालीन हड़ताल की भी तैयारी
Featured - मुख्य - 2 days ago

11 सितंबर से बैंक कर्मियों का आंदोलन, अनिश्चितकालीन हड़ताल की भी तैयारी

दरभंगा: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) की ओर से प्रस्तावित हड़ताल को लेकर बुधवार को बैंक कर्मियों की सभा आयोजित की गई। यूएफबीयू के जिला संयोजक रमण कांत मिश्रा की अध्यक्षता में हुई सभा में लंबित मांगों को लेकर आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।

सभा में वक्ताओं ने कहा कि बैंक कर्मी सप्ताह में पांच दिन कार्य दिवस लागू करने की मांग कर रहे हैं। सरकार की ओर से वर्ष 2024 में इस मांग को स्वीकार किए जाने के बावजूद अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। इसके अलावा परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) को लेकर भी बैंक कर्मियों में नाराजगी है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पीएलआई में शीर्ष प्रबंधन और अन्य बैंक कर्मियों के बीच असमान व्यवस्था लागू की जा रही है।

बैंक कर्मियों ने वर्ष 2024 में हुए द्विपक्षीय समझौते में स्वीकार की गई मांगों को लागू करने की भी मांग की। यूएफबीयू के वरिष्ठ नेता अजीत कुमार सिंह और प्रदीप मिश्रा ने 11 सितंबर को एकदिवसीय, 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय तथा 26 अक्टूबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को शत-प्रतिशत सफल बनाने का आह्वान किया।

ट्रेड यूनियन नेताओं फूल कुमार झा, सत्यप्रकाश चौधरी, राजीव चौधरी और नारायणजी झा ने आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। सभा में यूएफबीयू के सह संयोजक कुमार विष्णु, यशवंत कुमार, केनरा बैंक के कैलाश कुमार व अमित कुमार, इंडियन बैंक की कुमारी कोमल, सेंट्रल बैंक के प्रशांत कुमार व नवीन भारती, पीएनबी के अतनु सिन्हा, सुनील झा, सन्नू ठाकुर तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के भूपेश कुमार सहित अन्य बैंक कर्मियों ने विचार रखे।

Share