Home Featured भूमि विवाद में मारपीट, 78 वर्षीय वृद्ध की मौत; इकलौते बेटे ने जताया जान का खतरा।

भूमि विवाद में मारपीट, 78 वर्षीय वृद्ध की मौत; इकलौते बेटे ने जताया जान का खतरा।

दरभंगा: जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के धमसाइन गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में 78 वर्षीय वृद्ध धर्मी यादव की मौत हो गई। घटना रविवार सुबह करीब आठ से दस बजे के बीच की बताई जा रही है। मृतक के पुत्र अमरजीत कुमार यादव ने अपने फरीक कनौसी यादव समेत कई लोगों पर मारपीट कर उनके पिता की जान लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

जमीन की मापी के बिना निर्माण कराने का आरोप

अमरजीत कुमार यादव के अनुसार, उनकी जमीन पर कनौसी यादव कथित तौर पर जबरन मकान का निर्माण करा रहे थे। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। अमरजीत का कहना है कि उनका परिवार पिछले कई महीनों से जमीन की मापी कराने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू करने की मांग कर रहा था। इसके बावजूद रविवार को मकान की छत की ढलाई का काम शुरू कर दिया गया।

अमरजीत के आरोप के मुताबिक, वह घटना का साक्ष्य जुटाने के लिए मोबाइल से वीडियो बनाने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका मोबाइल छीन लिया गया और उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कनौसी यादव के साथ चितरंजन यादव, गणेशी यादव, भरोसी यादव, अरविंद यादव, अवध किशोर एवं निरंजन यादव समेत अन्य लोगों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडे से हमला किया। इस घटना में अमरजीत कुमार यादव और उनके चचेरे भाई सुरेंद्र यादव घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए बेनीपुर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया।

माता-पिता की मौत के बाद अकेला हुआ बेटा, सुरक्षा की गुहार

अमरजीत कुमार यादव ने बताया कि वह अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र हैं। कुछ दिन पहले उनकी मां की मौत हो गई थी और अब पिता की भी मौत हो गई। उन्होंने आशंका जताई कि जमीन पर कब्जा करने के लिए आरोपित उनकी जान को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं।

उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल, मृतक के पुत्र की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और मामले में पुलिस जांच के आधिकारिक निष्कर्ष सामने आना बाकी है।

Share