
डिग्री कॉलेजों के बेहतर संचालन को लेकर उच्च शिक्षा सचिव से मिले सांसद।
दरभंगा: मिथिला की ज्ञान परंपरा और दरभंगा की शैक्षणिक विरासत को मजबूत करने की दिशा में पहल तेज होने लगी है। स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने पटना में बिहार सरकार के उच्च शिक्षा सचिव राजीव रौशन और उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर से मुलाकात कर जिले में उच्च शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
सांसद ने कहा कि दरभंगा सहित मिथिला की ज्ञान परंपरा को वैश्विक मंच पर स्थापित करने तथा शैक्षणिक अवसंरचना को मजबूत करने के लिए केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार प्रतिबद्ध है। बिहार में उच्च शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक बनाने की दिशा में पहल शुरू की गई है। उन्होंने जिले के प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेजों के बेहतर आधारभूत संरचना और योग्य शिक्षकों के माध्यम से नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण वर्ग संचालन पर जोर दिया।
बैठक के दौरान सांसद ने दरभंगा स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम महिला प्रौद्योगिकी संस्थान, डॉ. कामेश्वर सिंह संस्कृत विश्वविद्यालय और ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय से जुड़े उच्च शिक्षा के मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने दोनों विश्वविद्यालयों को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने के लिए बिहार सरकार के स्तर से प्रस्ताव केंद्र को भेजने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति-2020 के तहत शिक्षा को सर्वसुलभ बनाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच को मिशन मोड में लागू करने की आवश्यकता है। सांसद ने एलएनएमयू के बंद पड़े दूरस्थ शिक्षा केंद्र को फिर से शुरू करने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ शिक्षा केंद्र के संचालन से कामकाजी महिलाओं और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हासिल करने में काफी सुविधा होगी।
सांसद ने दरभंगा संसदीय क्षेत्र के विभिन्न कॉलेजों में बीएड की पढ़ाई शुरू कराने सहित उच्च शिक्षा से जुड़े करीब आधा दर्जन मुद्दों के समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्र-छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगारपरक शिक्षा और शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तार जरूरी है।
डॉ. ठाकुर ने बताया कि केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए पत्रांक 139, 140, 141 एवं 142 दिनांक 19 अगस्त 2023 के माध्यम से मुख्यमंत्री को आग्रह किया गया था। वहीं, बिरौल डिग्री कॉलेज से संबंधित पत्रांक 144 और बेनीपुर डिग्री कॉलेज में बीएड की पढ़ाई शुरू कराने के लिए पत्रांक 145 दिनांक 19 अगस्त 2023 को पत्र सौंपा गया था। इसके अलावा अपने पत्रांक 143 एवं 150 दिनांक 28 मार्च 2026 तथा पत्रांक 274 दिनांक 3 सितंबर 2026 के माध्यम से राज्यपाल से भी इन विषयों पर पहल का आग्रह किया गया है।
सांसद ने उच्च शिक्षा सचिव से दरभंगा की शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़े सभी लंबित मामलों में शीघ्र पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि दरभंगा की समृद्ध शैक्षणिक और बौद्धिक विरासत को जीवंत करने के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं, संस्थानों और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों का विस्तार आवश्यक है।

