Home Featured बिस्किट का लालच देकर पांच साल की बच्ची को घर ले गया, दुष्कर्म के प्रयास का आरोप; आरोपी गिरफ्तार।

बिस्किट का लालच देकर पांच साल की बच्ची को घर ले गया, दुष्कर्म के प्रयास का आरोप; आरोपी गिरफ्तार।

दरभंगा: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में पांच साल की बच्ची को बिस्किट का लालच देकर घर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जमाहिर हलखोर (40) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्ची का बयान भी दर्ज किया है।

Advertisement

परिजनों के अनुसार, आरोपी बच्ची के घर के पास ही रहता है। आरोप है कि वह बहाने से बच्ची को अपने साथ घर ले गया। बच्ची के भाई ने उसे आरोपी के साथ जाते देख लिया और घर पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन आरोपी के घर पहुंचे। वहां गेट अंदर से बंद मिला। गेट खुलवाकर आरोपी को बाहर निकाला गया। परिजनों का कहना है कि आरोपी की गतिविधियों को लेकर पहले से ही उन्हें आशंका थी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पड़ोस की एक महिला ने बताया कि आरोपी की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष है। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। एक अन्य पड़ोसी के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया था। घटना के समय उसके परिवार के सदस्य घर से बाहर थे। बच्ची के पिता ने भी पूर्व में आरोपी की कुछ गतिविधियों को लेकर आशंका जताई थी।

घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी के घर के बाहर ताला लगा दिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

कमतौल एसडीपीओ एसके सुमन ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची का बयान भी दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामला गंभीर है और इस तरह की घटना को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एसडीपीओ ने बताया कि थाने में अभी लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आरोपों की जांच की जाएगी। साक्ष्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share