
लोकतंत्र बचाने सड़क पर उतरे भाजपाई, एनडीए ने दिखाई ताकत
दरभंगा: ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ एनडीए गठबंधन की ओर से आयोजित पदयात्रा में शुक्रवार को दरभंगा की सड़कों पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पोलो मैदान से शुरू हुई पदयात्रा बाकरगंज चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई। पदयात्रा में एनडीए कार्यकर्ताओं की भारी भागीदारी और आम लोगों की सहभागिता को गठबंधन के नेताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनसमर्थन का प्रमाण बताया। इस दौरान एनडीए नेताओं ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने पदयात्रा को सफल बनाने में जुटे कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के प्रभारी एवं दरभंगा के सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापन के दौरान कहा कि जिले की सभी पंचायतों से एनडीए गठबंधन के कार्यकर्ताओं का बड़ी संख्या में पहुंचना गठबंधन के प्रति जनता के विश्वास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिल रहे व्यापक जनसमर्थन का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और जनहित के मुद्दों को लेकर आयोजित इस पदयात्रा ने दरभंगा के राजनीतिक इतिहास में एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। इसके लिए दरभंगा की जनता और एनडीए के सभी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं।
सांसद ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ पदयात्रा में शामिल एनडीए गठबंधन के सभी मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, विधान पार्षदों, सहयोगी दलों के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और आम जनता की सहभागिता ने इस आयोजन को ऐतिहासिक सफलता दिलाई है।

