Home Featured जिले के सभी प्रखंडों में 17–18 जून को प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर का होगा आयोजन।
Featured - मुख्य - June 10, 2026

जिले के सभी प्रखंडों में 17–18 जून को प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर का होगा आयोजन।

दरभंगा: जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में एनआईसी, दरभंगा के माध्यम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर आयोजित समीक्षा बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 एवं 18 जून 2026 को जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन प्रातः 09:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक चलेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम सुपात्र व्यक्ति तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाना है। शिविर में पात्र लाभार्थियों के आवेदन, पंजीकरण, सत्यापन और योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। हर योजना के लिए अलग काउंटर स्थापित किए जाएंगे और संबंधित विभाग के नोडल पदाधिकारी तैनात रहेंगे।

शिविर में उपलब्ध करायी जाने वाली प्रमुख योजनाओं में आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन (वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग), पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लखपति दीदी (एसएचजी लिंकिंग), पीएम स्वनिधि, भीबीजी राम जी, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान व छात्रवृत्ति योजनाएँ, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांगजन कल्याण योजनाएँ, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW), मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता तथा अन्य विभागीय कल्याणकारी योजनाएँ शामिल रहेंगी। इसके अलावा “अन्य योजनाएं” नामक विशेष स्टॉल भी लगाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने हेल्प डेस्क स्थापित करने का निर्देश दिया, जहाँ प्रशिक्षित स्वयंसेवक और कर्मचारी लाभार्थियों को उचित काउंटर तक मार्गदर्शन, आवेदन पत्र भरवाने और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देंगे। प्रत्येक शिविर स्थल पर मेडिकल स्टॉल भी होगा, जहाँ प्राथमिक स्वास्थ्य जांच—रक्तचाप, शुगर जांच व स्वास्थ्य परामर्श आदि सेवाएँ उपलब्ध रहेंगी। मेडिकल स्टॉल आयुष्मान भारत एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड नामांकन काउंटर के पास स्थापित किए जाने का निर्देश दिया गया है ताकि अधिकतम लाभार्थियों को स्वास्थ्य जांच के साथ योजनाओं का लाभ मिल सके।

प्रचार-प्रसार के माध्यम से आम जनता को पहले से सूचित करने का निर्देश दिया गया है। शिविर में भाग लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक, पासपोर्ट साइज फोटो तथा संबंधित योजना संबंधी अन्य प्रमाण पत्र शामिल हैं। शिविर के सुचारू संचालन और प्रभावी अनुश्रवण के लिए जिला स्तर से प्रत्येक प्रखंड हेतु वरिष्ठ पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी; ये अधिकारी दोनों दिनों में प्रखंड भ्रमण कर शिविर का निरीक्षण तथा आवश्यक निर्देशन देंगे।

बैठक में नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग शशि रंजन, डीपीएम जीविका ऋचा गार्गी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तैयारियाँ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और कहा कि यह पहल सरकारी सेवाओं को जनता के द्वार तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण कदम है।

Share