Home Featured BMP-13 के 70 प्रशिक्षुओं को SDRF ने सिखाई आपदा से निपटने की तकनीक
Featured - मुख्य - 15 hours ago

BMP-13 के 70 प्रशिक्षुओं को SDRF ने सिखाई आपदा से निपटने की तकनीक

दरभंगा: जिले में राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम की ओर से बीएमपी-13 के प्रशिक्षुओं को आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में कुल 70 प्रशिक्षुओं को विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान राहत और बचाव कार्य की सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

आपका सहयोग हमारी ताकत

प्रशिक्षण के दौरान SDRF के विशेषज्ञों ने प्रशिक्षुओं को प्राथमिक उपचार, प्री-हॉस्पिटल ट्रीटमेंट (PHT), कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR), रक्तस्राव रोकने और सर्पदंश की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी। इसके अलावा आंधी-तूफान, वज्रपात, बाढ़, भूकंप सहित अन्य आपदाओं से बचाव के उपाय बताए गए।

SDRF दल ने विभिन्न बचाव तकनीकों का मौके पर प्रदर्शन भी किया। प्रशिक्षुओं को आपदा की स्थिति में सुरक्षित बचाव एवं निकासी, जरूरतमंद लोगों को प्राथमिक उपचार देने तथा उपलब्ध संसाधनों का सुरक्षित और प्रभावी इस्तेमाल करने का अभ्यास कराया गया।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने कहा कि आपदा या आपात स्थिति में घबराने के बजाय शांत और संयमित रहकर त्वरित निर्णय लेना जरूरी है। समय पर की गई सही कार्रवाई कई बार किसी व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित होती है। प्रशिक्षुओं को विभिन्न आपदाओं के दौरान क्या करें और क्या नहीं करें, इसकी भी जानकारी दी गई।

SDRF टीम ने बताया कि आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशिक्षण और जागरूकता बढ़ने से जनहानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इस तरह के प्रशिक्षण से प्रशिक्षुओं में आपदा के समय आत्मविश्वास, तत्परता और प्रभावी ढंग से राहत-बचाव कार्य करने की क्षमता विकसित होती है।

Share