नदी में उपलाता मिला दो दिन से लापता मछुआरे का शव
दरभंगा। एपीएम थाना क्षेत्र के दिघरा टोल वार्ड संख्या-12 निवासी 50 वर्षीय मछुआरे विनोद सहनी का शव मंगलवार की सुबह बागमती नदी में उपलाता मिला। वह रविवार को नदी में मछली पकड़ने के दौरान डूब गए थे। दो दिनों से एनडीआरएफ की टीम स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से उनकी तलाश कर रही थी।
मृतक की पहचान स्वर्गीय उपेंद्र सहनी के पुत्र विनोद सहनी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रविवार को विनोद अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बागमती नदी में मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान नदी के भीतर किसी चीज में उलझकर उनका जाल फंस गया। जाल कीमती होने और उसके फटने की आशंका को देखते हुए विनोद उसे निकालने के लिए पानी में गोता लगाने लगे। हालांकि, काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। सूचना पर एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से लगातार खोजबीन की जा रही थी। मंगलवार सुबह नदी में उनका शव उपलाता हुआ मिला।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
डीएमसीएच स्थित पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के बड़े भाई मनोज सहनी और छोटे भाई केवल सहनी ने बताया कि इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। विनोद अपने पीछे चार पुत्र और एक पुत्री समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।

