
बंद घर से 20 भर सोने के जेवर चोरी, नकदी को चोरों ने नहीं लगाया हाथ।
दरभंगा: बहेड़ा थाना क्षेत्र के मझौला गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी कर लिए। चोर घर के पीछे से अंदर दाखिल हुए और मुख्य दरवाजे, कमरे तथा गोदरेज का ताला तोड़कर करीब 20 भर सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। खास बात यह रही कि गोदरेज में रखे करीब 4500 रुपये नकद को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया। घटना की सूचना मिलने पर बहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, अलीनगर प्रखंड के रामपुर उदय उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत बेबी कुमारी मझौला गांव में शंभु ठाकुर के मकान में किराये पर रहती हैं। वह मूल रूप से बहेड़ी प्रखंड के नडेगा गांव की रहने वाली हैं। बताया गया कि उनका घर 21 अगस्त से बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोर पीछे की ओर से घर में घुस गए।
चोरों ने पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर गोदरेज को भी क्षतिग्रस्त किया और उसमें रखे सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए।
बुधवार सुबह मकान मालिक शंभु ठाकुर की पत्नी घर की ओर गईं तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने शिक्षिका के पति और बहेड़ा थाना पुलिस को सूचना दी।
पीड़िता के अनुसार, चोर करीब 20 भर सोने के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। वहीं, गोदरेज में रखे करीब 4500 रुपये नकद सुरक्षित मिले। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों का मुख्य निशाना सोने के आभूषण ही थे।
सूचना पर बहेड़ा थानाध्यक्ष दीपक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

