
पीआईबी की क्षेत्रीय मीडिया वार्ता में पत्रकारों से राष्ट्रहित में सकारात्मक सहयोग का आह्वान।
दरभंगा: पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), पटना की ओर से गुरुवार को दरभंगा समाहरणालय परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में ‘हर घर तिरंगा’ विषय पर एक दिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्ता’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन जिलाधिकारी कौशल कुमार, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कमांडेंट राजेंद्र कुमार, साहित्यकार डॉ. अमलेन्दु शेखर पाठक, पीआईबी पटना के उप निदेशक लौकिक पारख एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का महापर्व है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक से अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय में तिरंगा फहराने तथा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया से सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

पीआईबी के उप निदेशक लौकिक पारख ने अभियान की अवधारणा और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने मीडिया से अभियान के संदेश को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की।
एसएसबी के कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि एसएसबी 9 से 17 अगस्त तक सभी सीमा चौकियों पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाएगी, जिसके तहत तिरंगा वितरण, जागरूकता कार्यक्रम और विभिन्न देशभक्ति गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता करने का आग्रह भी किया।
साहित्यकार डॉ. अमलेन्दु शेखर पाठक ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ सामाजिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का अभियान है। उन्होंने पत्रकारों को जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि ऐसे अभियानों को जन-आंदोलन बनाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।
तकनीकी सत्र में पीआईबी के मीडिया एग्जीक्यूटिव संदीप कपूर ने पीआईबी की कार्यप्रणाली, डिजिटल सेवाओं और फैक्ट चेक तंत्र की जानकारी दी। कार्यशाला के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें पत्रकारों ने विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर संवाद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय संचार ब्यूरो के कलाकारों द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति से हुई। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो, दरभंगा के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी भानु कुमार झा ने किया। इस अवसर पर पीआईबी के सूचना सहायक उत्पल कांत, ज्ञान प्रकाश सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

