
डरहार में महिला के साथ मारपीट मामले में CCTV फुटेज ने खड़े किए सवाल; पुलिस ने मामले को बताया संदिग्ध।
दरभंगा: जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में महिला करिश्मा कुमारी को छत से उठाकर मारपीट कर घायल करने के दावे ने पुलिस जांच के बाद नया मोड़ ले लिया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता के बयान और घटनास्थल के CCTV फुटेज में स्पष्ट विरोधाभास सामने आया है। इसके आधार पर पुलिस ने पूरे घटनाक्रम को प्रथम दृष्टया संदिग्ध बताया है।
पुलिस को 24 अगस्त 2026 को दोपहर 12:14 बजे बहादुरपुर थाना के सरकारी नंबर पर गौरव सुमन, पिता पवन मिश्रा, निवासी डरहार ने सूचना दी कि अज्ञात व्यक्ति उनके घर की महिला करिश्मा कुमारी को छत से उठाकर मारपीट कर घायल कर दिया है। महिला का इलाज फिलहाल DMCH में चल रहा है।
सूचना मिलने के बाद बहादुरपुर थानाध्यक्ष ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं DMCH में महिला पुलिस अधिकारी ने पीड़िता से पूछताछ कर उसका बयान दर्ज किया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह प्रथम तल पर पूजा करने गई थी। इसी दौरान पीछे से किसी ने गमछी से उसका मुंह बांध दिया और उसे उठाने का आभास हुआ। हालांकि, पीड़िता ने हमलावर को देखने की बात से इनकार किया।
दूसरी ओर, परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला द्वितीय तल पर बेहोशी की हालत में मिली थी और उसका पैर गमछी से बंधा हुआ था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घर में लगे CCTV कैमरों के फुटेज को भी खंगाला। पुलिस के अनुसार, फुटेज में 11:30 बजे से 11:38 बजे के बीच महिला अकेले छत पर टहलती हुई दिखाई दे रही हैं। इस दौरान आसपास कोई अन्य व्यक्ति नजर नहीं आया। इसके बाद 11:47 बजे परिजन और अन्य लोग छत पर पहुंचते तथा महिला को उठाकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान और CCTV फुटेज में घटनाक्रम को लेकर स्पष्ट विरोधाभास है। ऐसे में प्रथम दृष्टया पूरा मामला संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

