
बाल गृहों के बच्चों के लिए बड़ी सुविधा, अस्पताल और कोर्ट जाने को 24 घंटे मिलेगी चारपहिया गाड़ी।
दरभंगा, 28 अगस्त। समाज कल्याण विभाग के तहत संचालित बाल गृहों में रहने वाले बच्चों के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए अब चारपहिया वाहन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। राज्य के 40 बाल गृहों को एक-एक वाहन उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उपयोग बच्चों को अस्पताल, न्यायालय और अन्य निर्धारित स्थानों तक ले जाने के लिए किया जाएगा।

अब तक कई मामलों में बच्चों को ऑटो, रिक्शा या उपलब्ध अन्य वाहनों से अस्पताल अथवा न्यायालय ले जाना पड़ता था। नई व्यवस्था से उनके आवागमन को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।
सातों दिन 24 घंटे उपलब्ध रहेगा वाहन
विभाग के अनुसार, वाहनों की व्यवस्था आउटसोर्सिंग के माध्यम से की जाएगी। प्रत्येक बाल गृह के लिए वाहन सातों दिन 24 घंटे उपलब्ध रहेगा। इससे किसी बच्चे को अचानक इलाज की जरूरत पड़ने या न्यायालय में पेशी होने की स्थिति में तत्काल वाहन उपलब्ध कराया जा सकेगा।

प्रत्येक वाहन के लिए विभाग की ओर से 75 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से भुगतान किया जाएगा।
एक वर्ष में खर्च होंगे 3.60 करोड़ रुपये
समाज कल्याण विभाग ने इस व्यवस्था को एक वर्ष के लिए मंजूरी दी है। 40 बाल गृहों के लिए 40 वाहनों की व्यवस्था पर एक वर्ष में कुल 3 करोड़ 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस पहल का उद्देश्य बाल गृहों में रहने वाले बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना है। इससे स्वास्थ्य जांच, इलाज और न्यायालय में पेशी जैसी जरूरी गतिविधियों के लिए बच्चों को वाहन की उपलब्धता का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

