
सकारात्मक प्रशासनिक पहल पर छठे दिन समाप्त हुआ चिंटू सिंह का आमरण अनशन।
दरभंगा: बहेड़ी थानाध्यक्ष पर कारवाई सहित अन्य मांगों को लेकर समाजिक कार्यकर्ता रविन्द्रनाथ सिंह उर्फ चिंटू सिंह का चल रहा आमरण अनशन अंततः सातवें दिन समाप्त हो गया। रविवार की देर शाम एसएसपी के निर्देश पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारी सुनील कुमार ने जूस पिलाकर अनशन समाप्त करवाया।
चिंटू सिंह ने बताया कि एसएसपी के प्रतिनिधि के तौर पर पहुंचे श्री कुमार ने जानकारी दी है कि ग्रामीण एसपी के नेतृत्व जांच कमिटी का गठन करने का आदेश एसएसपी द्वारा दिया गया है। जांच कमिटी दोनों पक्षों के समक्ष निष्पक्षता से जांच करेगी।

श्री सिंह ने बताया कि जांच कमिटी के गठन की चिट्ठी ग्रामीण एसपी द्वारा उन्हें सोमवार को उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया गया है। इसी आश्वासन पर वे अनशन समाप्त कर रहे हैं।

बताते चलें कि दो दिन पूर्व ही अनशन समाप्ति की पहल हो चुकी थी और ग्रामीण एसपी द्वारा जांच कमिटी के गठन का आश्वासन भी अनशनकारी के प्रतिनिधिमंडल को दिया जा चुका था। प्रतिनिधिमंडल ने यही बात अनशन स्थल पर चलकर सबके बीच कहने का आग्रह किया था। पर इसपर कोई ठोस पहल ग्रामीण एसपी द्वारा नहीं दिखाई गयी। इस कारण अनशन जारी रहा था।

वॉयस ऑफ दरभंगा में शनिवार को ग्रामीण एसपी के इस उदासीनता के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। अंततः रविवार को इसकी प्रतिक्रिया दिखी और अनशन समाप्त हुआ।

