
होस्टल में सीआईएसएफ जवान को लगी गोली, हालत गंभीर।
दरभंगा: विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के पॉलिटेक्निक परिसर में गुरुवार देर रात सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात सीआईएसएफ के एक जवान की छाती में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी जवानों ने उसे तुरंत अल्लपट्टी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

घायल की पहचान छत्तीसगढ़ निवासी संदीप बाड़ा के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार संदीप की स्थिति गंभीर बनी हुई है और वे फिलहाल बयान देने में असमर्थ हैं। होश में आने पर उनका बयान दर्ज कर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात यह जवान पॉलिटेक्निक परिसर के होस्टल में रुका हुआ था और घटना के समय उसकी ड्यूटी संतरी बनी हुई थी। इसी दौरान उसके सीने के पास गोली लगने की सूचना मिली, गोली आर-पार निकल गई।

थानाधिकारी ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली कैसे चली , क्या यह दुर्घटनावश लगी, किसी ने जानबूझकर चलाई या किसी अन्य कारण से हुई। पुलिस और सीआईएसएफ के साथ मिलकर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और सीआईएसएफ अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि घायल जवान के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और वे दरभंगा पहुंच रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह घटना दुर्घटना थी, आत्मघाती प्रयास था या किसी अन्य परिस्थिति का नतीजा।

