Home Featured APM थाना में लंबित मामलों की समीक्षा, नगर पुलिस अधीक्षक ने दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश।

APM थाना में लंबित मामलों की समीक्षा, नगर पुलिस अधीक्षक ने दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश।

दरभंगा: नगर पुलिस अधीक्षक, दरभंगा ने बुधवार को APM थाना का निरीक्षण कर लंबित कांडों की समीक्षा बैठक की। बैठक में APM थानाध्यक्ष सहित सभी अनुसंधानकर्ता एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement

समीक्षा के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक ने सभी लंबित मामलों की प्रगति का जायजा लिया और उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए न्यायालय से वारंट एवं कुर्की आदेश प्राप्त कर कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया।

बैठक में अनुसंधानकर्ताओं को कांडों का गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करने, कांड दैनिकी एवं अन्य अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा इस माह निष्पादित किए जाने योग्य मामलों को चिन्हित कर समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही थाना में प्रतिवेदित कांडों एवं विभिन्न पंजियों की भी समीक्षा की गई।

नगर पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में सघन गश्ती बढ़ाने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा डायल-112 वाहनों को लगातार भ्रमणशील रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा आगामी श्रावणी मेला को देखते हुए सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने और आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन, अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पुलिस पदाधिकारियों को पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

Share