
सितंबर में दरभंगा आएंगे नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू, नए टर्मिनल भवन के निर्माण की करेंगे समीक्षा।
दरभंगा: दरभंगा एयरपोर्ट को देश के प्रमुख और विकसित हवाई अड्डों में शामिल करने की दिशा में तैयारियां तेज हो गई हैं। यात्रियों के लिए नाइट लैंडिंग सुविधा से जुड़ी सभी औपचारिकताएं और तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब विमान कंपनियों से शिड्यूल मिलते ही दरभंगा एयरपोर्ट से नाइट लैंडिंग सेवा शुरू की जा सकेगी।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू सितंबर में दरभंगा का दौरा करेंगे। इस दौरान वे निर्माणाधीन नए टर्मिनल भवन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। साथ ही एयरपोर्ट परिसर में उड़ान कैफे आउटलेट का उद्घाटन भी करेंगे। यह जानकारी दरभंगा के सांसद एवं दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने शुक्रवार को कर्नाटक के मैसूर में आयोजित नागरिक उड्डयन मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की बैठक में शामिल होने के बाद दी।
बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने की। सांसद डॉ. ठाकुर ने बताया कि बैठक में उन्होंने दरभंगा एयरपोर्ट को भविष्य में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की दिशा में अभी से आवश्यक तैयारियां शुरू करने की मांग रखी। उन्होंने टर्मिनल विस्तार, रनवे और एप्रोच सुविधाओं, कस्टम्स-इमिग्रेशन तथा अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित करने का सुझाव दिया।
मैथिली में बोर्ड-साइनेज और नई हवाई सेवाओं का मुद्दा
सांसद ने बैठक में दरभंगा एयरपोर्ट पर मैथिली भाषा में बोर्ड एवं साइनेज लगाने, यात्री सुविधाओं के विस्तार, नई हवाई सेवाएं और रूट शुरू करने, नाइट ऑपरेशन को प्रभावी बनाने, बेहतर लैंडिंग सुविधाएं विकसित करने तथा एयर कार्गो और लॉजिस्टिक्स हब की स्थापना जैसे मुद्दे उठाए।
उन्होंने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट मिथिला के पर्यटन, व्यापार, उद्योग और रोजगार को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसके लिए एयरपोर्ट की सुविधाओं का लगातार विस्तार जरूरी है।
डॉ. ठाकुर के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सितंबर में वे अपने सहयोगियों और संबंधित अधिकारियों के साथ दरभंगा आएंगे और एयरपोर्ट से जुड़े सभी विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन से जुड़ी तैयारियों और निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की जाएगी।
दरभंगा पहुंचते ही उड़ान कैफे का उद्घाटन
सांसद ने बताया कि बैठक के दौरान ही केंद्रीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उनके दरभंगा आगमन के दिन एयरपोर्ट परिसर में उड़ान कैफे का उद्घाटन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि बैठक में केंद्रीय मंत्री ने दरभंगा एयरपोर्ट की उपलब्धियों की सराहना की और उड़ान योजना के तहत इसे विकसित एयरपोर्ट के उदाहरण के रूप में चर्चा की। इसे दरभंगा और मिथिला के लिए गौरव का विषय बताया गया।
अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए तैयारी की मांग
सांसद डॉ. ठाकुर ने एयरपोर्ट के प्रवेश द्वार पर हवाई अड्डे का नाम मिथिलाक्षर में अंकित करने, एयरपोर्ट का नाम कवि कोकिल बाबा विद्यापति के नाम पर करने की घोषणा शीघ्र करने, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के लिए सात एकड़ जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करने तथा एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित 90 एकड़ जमीन के रैयतों और किसानों को मुआवजे का शीघ्र भुगतान करने की मांग रखी।
इसके अलावा एनएच-27 से नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन तक करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित ट्रम्पेटेड फ्लाईओवर से संबंधित औपचारिकताओं को जल्द पूरा करने का मुद्दा भी उन्होंने बैठक में उठाया।
डॉ. ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू के मार्गदर्शन में दरभंगा एयरपोर्ट को मिथिला की आर्थिक प्रगति, पर्यटन, उद्योग, व्यापार, रोजगार और वैश्विक कनेक्टिविटी का प्रमुख द्वार बनाने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है। आने वाले समय में दरभंगा की हवाई सेवा को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे।

