Home Featured आयुक्त ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, हर सप्ताह कस्तूरबा विद्यालयों का होगा निरीक्षण।
Featured - मुख्य - 13 hours ago

आयुक्त ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, हर सप्ताह कस्तूरबा विद्यालयों का होगा निरीक्षण।

दरभंगा: शिक्षा व्यवस्था में सुधार और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने को लेकर आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल, हिमांशु कुमार राय ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। शुक्रवार को प्रमंडलीय सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने भूमिहीन, भवनहीन और जर्जर भवन वाले विद्यालयों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक में दरभंगा प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, तीनों जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा समेत अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement

आयुक्त ने विद्यालयों की आधारभूत संरचना को मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी विद्यालयों में चहारदीवारी, स्वच्छ पेयजल, कार्यशील शौचालय, नियमित साफ-सफाई और सुरक्षित आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। विद्यालय का वातावरण स्वच्छ, सुरक्षित और बच्चों के अनुकूल होना चाहिए, ताकि विद्यार्थी निर्भीक होकर नियमित विद्यालय आएं।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को लेकर आयुक्त ने अधिकारियों को विशेष रूप से सक्रिय रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रोस्टर के अनुसार प्रत्येक सप्ताह एक-एक कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण के दौरान छात्राओं की उपस्थिति, पढ़ाई, आवासीय व्यवस्था, भोजन, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की जाए।

उन्होंने कस्तूरबा विद्यालयों में लगे सीसीटीवी कैमरों को हमेशा सक्रिय और कार्यशील रखने तथा छात्र-छात्राओं के नामांकन और नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

आयुक्त ने जर्जर विद्यालय भवनों का भौतिक सत्यापन कर उनका चिन्हांकन कराने को भी कहा, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके।

आवासीय छात्रावासों की व्यवस्था को लेकर जिला कल्याण पदाधिकारी को नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। आयुक्त ने कहा कि छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को भोजन, पेयजल, शौचालय, बिजली और स्वच्छता जैसी सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं, इसकी लगातार निगरानी हो। साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का भी आकलन किया जाए।

Advertisement

बैठक में सहयोग पोर्टल पर लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने तीनों जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को लंबित आवेदनों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा बीआरसी यानी प्रखंड संसाधन केंद्रों का भी नियमित निरीक्षण करने को कहा।

आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा विभाग की सभी योजनाओं का अंतिम उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को केवल कागजी समीक्षा तक सीमित नहीं रहने, बल्कि विद्यालयों का नियमित अनुश्रवण कर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Advertisement

बैठक में आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा, सहायक निदेशक योजना प्रीति कुमारी सहित दरभंगा प्रमंडल के तीनों जिलों के शिक्षा विभाग के वरीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share