
कंपाउंडर की गोली मारकर हत्या, बहन ने लगाए प्रेमिका व परिजनों पर आरोप।
दरभंगा: एपीएम थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात प्रेम प्रसंग के चलते 21 वर्षीय मोहम्मद सलमान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की बहन सानिया परवीन ने प्रेमिका जेबा, उसके भाई अमन, पिता और जेबा की छोटी बहन के प्रेमी अरमान पर हत्या का आरोप लगाया है। एपीएम थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू हो गई है।

प्राइवेट स्कूल टीचर सानिया ने बताया कि उनका भाई सलमान एक हॉस्पिटल में कंपाउंडर था। उसी हॉस्पिटल में जेबा की मां का कैंसर का इलाज चल रहा था। मां के इलाज के सिलसिले में जेबा का हॉस्पिटल आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान सलमान और जेबा के बीच बातचीत शुरू हुई, जो एक साल पहले प्रेम संबंध में बदल गई। परिजनों को संबंध की भनक लगने पर उन्होंने सलमान को धमकियां दीं। एक बार जेबा के परिजन हॉस्पिटल तक सलमान को तलाशने पहुंचे, लेकिन सानिया ने भाई को उस दिन काम पर नहीं भेजा। एक सप्ताह पहले भी जेबा के कॉन्फ्रेंस कॉल पर किसी ने सलमान को धमकाया था। सानिया ने भाई को समझा लिया, जिसके बाद सलमान ने जेबा से बातचीत बंद कर दी। फिर भी जेबा लगातार कॉल करती रही।

सानिया के अनुसार, जेबा के कहने पर सलमान शुक्रवार शाम करीब 5 बजे रेस्टोरेंट में मिलने गया। लौटते वक्त मुख्य आरोपी अमन ने 7-8 साथियों संग उसे घेर लिया। मोबाइल व बाइक छीनकर सानिया को फोन किया और 10 हजार रुपये मांगे। सलमान की रोने की आवाज आई, लेकिन आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। सानिया ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन 24 घंटे गुजरने तक एक्शन नहीं लिया गया। सानिया ने जेबा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसे हत्या की साजिश का पूरा पता था, फिर भी उसने चुप्पी साधे रखी। जेबा ने बाद में बताया कि सलमान उसके साथ था, इसलिए अपहरण हुआ।

मृतक के फूफा मोहम्मद हसमत और मामा अली अहमद ने बताया कि वे शुक्रवार रात 9 बजे और 8 बजे थाने पहुंचे। मोबाइल लोकेशन ट्रैक करने की रिक्वेस्ट की, लेकिन थाना प्रभारी जयप्रकाश सिंह ने कहा कि शाम को निकला है, सुबह आ जाएगा। पुलिस ने बताया कि सलमान का फोन 8:21 बजे दरभंगा में दिखा, फिर बंद हो गया। एपीएम थाना प्रभारी जयप्रकाश सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवार रात में थाने नहीं आया। शनिवार सुबह साढ़े 9 बजे फोन पर हत्या की सूचना मिली। उधर, लहेरियासराय थाने में जेबा के पिता, भाई अमन, जेबा और सरफराज के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस जांच कर रही है।

