
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का पद मार्च, मोदी सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी।
दरभंगा: बढ़ती महंगाई और चीनी समेत खाद्य पदार्थों की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में दरभंगा जिला कांग्रेस कमेटी अर्बन की ओर से शनिवार को पद मार्च निकाला गया। जिलाध्यक्ष डॉ. जमाल हसन के नेतृत्व में निकला यह मार्च जिला कांग्रेस कार्यालय से लहेरियासराय टावर तक पहुंचा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पद मार्च में कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला लेकर चल रहे थे। इस दौरान “नरेंद्र मोदी हाय-हाय”, “जो सरकार निकम्मी है, वो सरकार बदलनी है” समेत कई नारे लगाए गए। नारेबाजी के बाद पुतला दहन किया गया।
पुतला दहन के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. जमाल हसन ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है और आम गरीब एवं मध्यम वर्ग महंगाई की मार झेल रहा है।
उन्होंने चीनी की बढ़ती कीमतों का जिक्र करते हुए कहा कि रसोई का बजट लगातार बिगड़ रहा है। महंगाई को किसी बीमारी से जोड़कर सही ठहराना आम जनता की परेशानियों का समाधान नहीं है। सरकार को जनता की थाली और रसोई की चिंता करनी चाहिए।
डॉ. जमाल हसन ने जी ग्रुप के चेयरमैन सुभाष चंद्रा से जुड़े व्यक्तिगत दिवालियापन मामले का उल्लेख करते हुए आर्थिक मामलों में कथित दोहरे मानदंड पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ आम आदमी महंगाई और आर्थिक दबाव से परेशान है, वहीं बड़े आर्थिक मामलों में अलग-अलग मानदंड नजर आते हैं।
उन्होंने सवाल किया कि जब गरीब और मध्यम वर्ग महंगाई से परेशान है, तो सरकार की नीतियों का लाभ आखिर किसे मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महंगाई और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक जनता की आवाज उठाती रहेगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष सह दरभंगा अर्बन प्रभारी रजनीकांत पाठक ने कहा कि खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के घर का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि जनता को भाषण नहीं, बल्कि महंगाई से राहत चाहिए और सरकार को जनता की परेशानियों का जवाब देना होगा।
पद मार्च में वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामपुकार चौधरी, गणेश चौधरी, परमानंद झा, रतिकांत झा, शिवनारायण पासवान, रीता मिश्रा, अरविन्द कुमार पासवान, कामदेव चौधरी, बिमलेन्दु ठाकुर, राघवेंद्र कुंवर, प्रिंस परवेज, राजा अंसारी, हसमत अंसारी, बसंत झा, उदित चौधरी, मो. नसीम हैदर, एजाज़ खान, मो. चांद, शादाब अतिकी, मुन्ना खान, मो. इरशाद, अरशद खान, अंसार हसन, शिबली नोमानी, लखन कुमार, मनोरंजन झा, नारायणजी झा, सुनील चौधरी, मिहिर झा, वसीम अहमद, मिथिलेश यादव सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।

